मुस्लिम यूथ भीलवाड़ा की पहल से युवाओं को रक्तदान के लिए मिलेगी प्रेरणा,रक्तदाता वसीम लुहार जाएंगे उमराह पर

बीगोद। रक्तदान को प्रोत्साहित करने और युवाओं को मानव सेवा से जोड़ने के उद्देश्य से रक्तदान मुस्लिम यूथ, भीलवाड़ा की ओर से आयोजित रक्तदान शिविर के रक्तदाताओं में से उमराह पर जाने के लिए वसीम लुहार का चयन किया गया है। 11 अक्टूबर को बीगोद की मरकज़ मस्जिद में आयोजित रक्तदान शिविर में भाग लेने वाले रक्तदाताओं की लॉटरी 16 अक्टूबर को जुमे की नमाज़ के बाद निकाली गई। मरकज़ मस्जिद में आयोजित कार्यक्रम में मौलाना अब्दुल वहाब साहब ने कमेटी की ओर से डाली गई पर्चियों में से एक पर्ची निकालकर लॉटरी संपन्न करवाई। इसमें वसीम पुत्र अब्दुल वहीद लुहार का नाम निकला। कमेटी के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वसीम लुहार को उमराह के लिए भेजा जाएगा, इंशाअल्लाह। रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने की सराहनीय पहल रक्तदान मुस्लिम यूथ, भीलवाड़ा की यह पहल समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ युवाओं को जरूरतमंदों की मदद के लिए प्रेरित कर रही है। रक्तदान किसी जरूरतमंद व्यक्ति को जीवनदान देने का माध्यम है। ऐसे आयोजन युवाओं में सेवा, सहयोग और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करते हैं। संस्था की ओर से रक्तदान शिविर को सफल बनाने वाले सभी रक्तदाताओं, युवाओं और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया गया। साथ ही युवाओं से अपील की गई कि वे रक्तदान जैसे नेक कार्यों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और मानवता की सेवा के लिए आगे आएं।

+