निःशुल्क चिकित्सा एवं जाँच शिविर (2अक्टूबर) की अंतिम तैयारियों को लेकर बैठक सम्पन्न, विशेषज्ञ चिकित्सक देंगे सेवाएँ, आवश्यक जाँच एवं दवाएँ भी रहेंगी निःशुल्क

अजमेर। मुस्लिम वेलफेयर एंड एजुकेशन समिति, अजमेर द्वारा आगामी 2 अक्टूबर 2026 को प्रस्तावित निःशुल्क चिकित्सा एवं जाँच शिविर के सफल एवं सुचारू संचालन को लेकर बुधवार को अंतिम चरण की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में शिविर की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा करते हुए विभिन्न व्यवस्थाओं के लिए टीमों का गठन किया गया तथा सदस्यों को अलग-अलग जिम्मेदारियाँ सौंपी गईं। बैठक में अध्यक्ष रब नवाज़ जाफरी ने चिकित्सा शिविर की तैयारियों को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा शिविर में आने वाले मरीजों को बेहतर एवं व्यवस्थित सुविधाएँ उपलब्ध कराने पर जोर दिया। उन्होंने सभी सदस्यों से आपसी समन्वय एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करते हुए शिविर को सफल बनाने का आह्वान किया। वहीं समिति के सचिव मुबारक खान ने शिविर के सुचारू संचालन के लिए गठित विभिन्न टीमों के सदस्यों को उनकी जिम्मेदारियाँ सौंपीं। उन्होंने सभी सदस्यों से अपने-अपने दायित्वों का पूरी जिम्मेदारी एवं सेवा भावना के साथ निर्वहन करने का आग्रह किया। जयपुर एवं अजमेर के विशेषज्ञ चिकित्सक देंगे सेवाएँ, समिति द्वारा आयोजित इस चिकित्सा एवं जाँच शिविर में जयपुर एवं अजमेर के विशेषज्ञ चिकित्सक अपनी सेवाएँ प्रदान करेंगे। शिविर में पार्क अस्पताल, जयपुर के वरिष्ठ कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. मंसूर अहमद, अजमेर रेलवे अस्पताल के वरिष्ठ DMO एवं न्यूरोसाइकियाट्रिस्ट डॉ. इमरान खान, अजमेर के जाने-माने ऑर्थोपेडिक विशेषज्ञ डॉ. नितिन संधाय, चेस्ट फिजिशियन डॉ. मुकेश गोयल तथा ENT विशेषज्ञ डॉ. सुदीप चौधरी मरीजों को विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श प्रदान करेंगे। समिति के सचिव Mubarak Khan की ओर से बताया गया कि शिविर में विभिन्न रोगों से संबंधित मरीजों को विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श एवं आवश्यक चिकित्सकीय मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा। आवश्यक जाँच एवं दवाएँ रहेंगी निःशुल्क समिति के सचिव मुबारक खान ने बताया कि चिकित्सकों द्वारा मरीजों की जाँच एवं परामर्श के बाद आवश्यक समझी जाने वाली जाँचें शिविर स्थल पर ही निःशुल्क करवाई जाएंगी। इसके साथ ही चिकित्सकों द्वारा लिखी जाने वाली आवश्यक दवाएँ भी शिविर में निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने बताया कि समिति का उद्देश्य है कि शिविर में आने वाले जरूरतमंद मरीजों को विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श के साथ आवश्यक जाँच एवं दवाओं की सुविधा भी यथासंभव एक ही स्थान पर निःशुल्क उपलब्ध हो सके। समिति द्वारा शिविर के दौरान पंजीकरण, मरीजों की व्यवस्था, चिकित्सकीय परामर्श, जाँच, दवा वितरण एवं अन्य व्यवस्थाओं के लिए अलग-अलग टीमों का गठन किया गया है, ताकि शिविर का संचालन व्यवस्थित एवं सुचारू रूप से किया जा सके। समिति के सभी सदस्यों ने शिविर को सफल बनाने के लिए पूर्ण सहयोग एवं सहभागिता का संकल्प लिया तथा आमजन को शिविर का लाभ उठाने की अपील की। बैठक में संरक्षक UD खान साहब, महासचिव अकरम सिद्दीकी, उपाध्यक्ष शकील अब्बासी, समिति के मेंबर नावेद चिश्ती, डॉक्टर महबूब, डॉक्टर जुबेर और सैयद हामिद अली मौजूद रहे!

+