मध्य प्रदेश के रतलाम रेलवे स्टेशन पर रूह कंपा देने वाला हादसा, चलती ट्रेन पकड़ने में फिसला पैर, युवक के हुए दो टुकड़े,

अब्दुल कादर रतलाम, रतलाम रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म क्रमांक 04 पर चलती ट्रेन में चढ़ने के दौरान एक व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई। घटना शुक्रवार दोपहर करीब 2:35 बजे की है। घटना प्लेटफार्म पर लगे सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हुई है। आधार कार्ड के आधार पर मृतक की पहचान दाऊद अयाज बेग पिता अयाज बेग, उम्र 40 वर्ष, निवासी जोगी नवादा, नियर किसेंट पब्लिक स्कूल, शेर अली गोटिया, बरेली , उत्तर प्रदेश के रूप में की गई है। पुलिस ने बताया कि मृतक परिवार के साथ महाराष्ट्र के ठाणे अंतर्गत मुंब्रा में रहता था और कैटरिंग व इवेंट मैनेजमेंट का कार्य करता था। दिल्ली से लौट कर मुंबई के लिए ट्रेन में चढ़ रहा था। जानकारी के अनुसार गाड़ी संख्या 12904 गोल्डन टेंपल मेल के रवाना होते समय एक व्यक्ति चलती ट्रेन में चढ़ने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान वह संतुलन खो बैठा और ट्रेन की चपेट में आ गया। सूचना मिलने पर आरपीएफ के एसआई गवेन्द्र सिंह मौके पर पहुंचे, जहां स्टेशन मास्टर रविंद्र सिंह राठौड़ एवं प्लेटफार्म ड्यूटी स्टाफ मौजूद मिले। मौके पर निरीक्षण के दौरान उक्त व्यक्ति ट्रेन से कटकर मृत अवस्था में पाया गया। घटना के बाद ट्रेन एसीपी में खड़ी हुई थी, जिसे सीएंडडब्ल्यू स्टाफ द्वारा पुटराइट किए जाने के बाद रवाना किया गया। ट्रेन के रवाना होने के बाद ट्रैक पर मृतक का शव दो हिस्सों में पड़ा मिला। मृतक के पास से एक मोबाइल फोन मिला, जबकि कोई यात्रा टिकट या अन्य दस्तावेज नहीं मिले। बाद में जीआरपी के हेड कांस्टेबल मनोज चौधरी एवं बाबूलाल लोने मौके पर पहुंचे और शव को ट्रैक से हटाकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया। जांच के दौरान यात्रियों द्वारा बताए अनुसार प्लेटफार्म से मृतक का एक ट्रॉली बैग एवं एक अन्य बैग बरामद किया गया। बैग की तलाशी लेने पर उसमें कपड़े, आधार कार्ड एवं नगद 4 लाख रुपये मिले, जबकि यात्रा से संबंधित कोई टिकट नहीं मिला। जीआरपी के अनुसार सीसीटीवी फुटेज की जांच में घटना मृतक द्वारा लापरवाहीपूर्वक चलती ट्रेन में चढ़ने के कारण घटित होना पाई गई है। मामले में मर्ग दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। शनिवार को मेडिकल कॉलेज में शव का पोस्टमार्टम कराकर स्वजनों को सौंप दिया गया है।

+