तिरंगा वाहन रैली में गूंजा ‘भारत माता की जय’, सर्वधर्म एकता का दिया संदेश

अजमेर। श्री अजमेर व्यापारिक महासंघ से संबंधित फोटोग्राफर्स एवं वीडियोग्राफर्स सेवा समिति के तत्वावधान में शुक्रवार को राजकीय महाविद्यालय से तिरंगा वाहन रैली का आयोजन किया गया। रैली में सर्वधर्म प्रतिनिधियों, व्यापारियों एवं सेवानिवृत्त सेना के जवानों ने भाग लेकर देश की एकता, अखंडता और भाईचारे का संदेश दिया। समिति के सचिव नितिन सिंह ने बताया कि रैली से पूर्व महासंघ की सर्वधर्म समिति के संस्थापक एवं महासचिव रमेश लालवानी के नेतृत्व में विभिन्न धर्मों के प्रतिनिधियों और सेवानिवृत्त सेना के जवानों का माल्यार्पण कर सम्मान किया गया। इस दौरान महेंद्र बंसल एवं रमेश लालवानी का साफा पहनाकर अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम में सर्वधर्म समिति की श्रीमती कुशाल जैन, ईसाई समुदाय के के.एस. डेविड, बौद्ध विचारक श्रीमती सुनीता चौधरी, सरदार जगजीत सिंह छाबड़ा, मुस्लिम समुदाय से बदरुद्दीन कुरैशी, मोहम्मद इकबाल, फरमान कुरैशी, गुलफाम एवं ठाकुर मुलानी सहित अन्य लोग मौजूद रहे। इस अवसर पर सर्वधर्म प्रतिनिधियों ने ‘भारत माता की जय’, ‘हम सब एक हैं’, ‘व्यापारिक एकता जिंदाबाद’, ‘देश की एकता जिंदाबाद’, ‘देश का भाईचारा कायम रहे’ और ‘देश की एकता-अखंडता कायम रहे’ जैसे नारों के साथ तिरंगा वाहन रैली को झंडी दिखाकर रवाना किया। व्यापार को धर्म और ग्राहक को सम्मान देने का संदेश रैली को संबोधित करते हुए श्री अजमेर व्यापारिक महासंघ के संस्थापक एवं महासचिव रमेश लालवानी ने कहा कि व्यापारिक महासंघ सभी छोटे-बड़े व्यापारिक संगठनों का सम्मान करता है। उन्होंने कहा कि महासंघ का उद्देश्य व्यापारियों को एकजुट करना और व्यापारिक हितों के साथ सामाजिक सद्भाव को मजबूत करना है। लालवानी ने कहा कि महासंघ के लिए व्यापार ही धर्म, व्यापार ही मजहब और व्यापार ही कौम है, जबकि भारतीय मुद्रा देकर ग्राहक के रूप में आने वाला प्रत्येक व्यक्ति सम्मान का अधिकारी है। उन्होंने कहा कि व्यापार के साथ-साथ सामाजिक एकता और भाईचारे को मजबूत करना भी सभी की जिम्मेदारी है। इन मार्गों से गुजरी तिरंगा रैली नितिन सिंह ने बताया कि तिरंगा वाहन रैली राजकीय महाविद्यालय से रवाना होकर केसरगंज सर्किल, पड़ाव, कवंडसपुरा, गांधी बाजार, चूड़ी बाजार, गोल प्याऊ, नया बाजार, आगरा गेट और महावीर सर्किल होते हुए बजरंगगढ़ चौराहे पहुंची, जहां रैली का समापन किया गया। रैली के दौरान पूरे मार्ग में देशभक्ति के नारों से वातावरण गूंजता रहा। तिरंगे के साथ निकली इस वाहन रैली ने अजमेर में सर्वधर्म सद्भाव, व्यापारिक एकता और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया।

+