नगर निगम कर्मचारियों के मना करने के बावजूद कचरे का ट्रैक्टर जबरन खाली करने का प्रयास, गंज थाने में शिकायत

अजमेर, 06 अगस्त 2026। श्री श्याम प्रेमी बाजार क्षेत्र में नगर निगम के जमादार एवं कर्मचारियों के मना करने के बावजूद कचरे से भरे खुले ट्रैक्टर को जबरन दुकानों के सामने खाली करने का प्रयास किए जाने का मामला सामने आया है। क्षेत्रवासियों और व्यापारियों ने इस पर कड़ा विरोध जताते हुए पुलिस थाना गंज में मौखिक शिकायत दर्ज कराकर संबंधित ट्रैक्टर को क्षेत्र में आने से प्रतिबंधित करने और आवश्यक कार्रवाई की मांग की। जानकारी के अनुसार, नगर निगम के जमादार एवं महिला-पुरुष कर्मचारियों ने ट्रैक्टर चालक को उक्त स्थान पर कचरा खाली नहीं करने के स्पष्ट निर्देश दिए थे, लेकिन चालक ने निर्देशों की अनदेखी करते हुए दुकानों के सामने कचरा डालने का प्रयास किया। विरोध बढ़ने पर पुलिस थाना गंज में शिकायत की गई। इसके बाद ट्रैक्टर चालक कचरे से भरा खुला ट्रैक्टर बिना कचरा खाली किए ही वापस ले गया। श्री अजमेर व्यापारिक महासंघ एवं श्री श्याम प्रेमी बाजार, गंज के पदाधिकारियों ने महासंघ के संस्थापक एवं महासचिव रमेश लालवानी को बताया कि संबंधित ट्रैक्टर चालक प्रतिदिन खुले ट्रैक्टर में कचरा लाता है तथा दुकानों के सामने सड़क पर कचरा डालकर चला जाता है, जिससे व्यापारियों एवं आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। रमेश लालवानी ने बताया कि गंज थाना पुलिस ने जानकारी दी है कि पूर्व में भी इस स्थान पर कचरा नहीं डालने के लिए कई बार प्रयास किए जा चुके हैं। पुलिस ने आश्वासन दिया कि भविष्य में यदि उक्त ट्रैक्टर इस क्षेत्र में कचरा डालने के लिए आता है तो उसके विरुद्ध उचित कार्रवाई की जाएगी। इस अवसर पर सुरेश तम्बोली, भगवान भागचन्दानी, राधाकिशन दौलतानी, रूपा लुहार, रामचन्द तोलानी, पुखराज जंगम, मानमल गोयल, किशलचंद भागचन्दानी, धापू लुहार, गोविन्द भाई, जोगेश कश्यप, ताराचन्द, प्रकाशचन्द जाटव सहित अनेक व्यापारियों एवं क्षेत्रवासियों ने कचरा डिपो को अन्यत्र स्थानांतरित करने की भी मांग की।

+