संयुक्त सफाई कामगार यूनियन का आंदोलन समाप्त ,श्री अजमेर व्यापारिक महासंघ ने किया स्वागत

अजमेर, 10 जुलाई 2026। श्री अजमेर व्यापारिक महासंघ ने संयुक्त सफाई कामगार यूनियन एवं जिला प्रशासन के बीच सकारात्मक सहमति बनने के बाद शहर हित में सफाई कर्मचारियों के आंदोलन की समाप्ति का स्वागत करते हुए इसे अजमेर के नागरिकों और शहर के हित में लिया गया महत्वपूर्ण निर्णय बताया है। महासंघ के अध्यक्ष महेन्द्र बंसल एवं संस्थापक व महासचिव रमेश लालवानी ने बताया कि संयुक्त सफाई कामगार यूनियन के नगर निगम अध्यक्ष अशोक टांक के हस्ताक्षरयुक्त पत्र के माध्यम से पूर्व में यूनियन के प्रतिनिधिमंडल ने बाबा गेस्ट हाउस, खारी कुई अहाता मोहल्ला पहुंचकर अपने आंदोलन के समर्थन की मांग की थी। महासंघ के पदाधिकारियों ने आपसी विचार-विमर्श के बाद यूनियन के आंदोलन को अपना समर्थन प्रदान किया था। शुक्रवार को जिला प्रशासन एवं संयुक्त सफाई कामगार यूनियन के बीच सहमति बनने के बाद आंदोलन समाप्त होने पर महासंघ ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे शहर की स्वच्छता व्यवस्था एवं आमजन के हित में सकारात्मक कदम बताया। इस अवसर पर श्री अजमेर व्यापारिक महासंघ के अध्यक्ष महेन्द्र बंसल, महासचिव रमेश लालवानी, अश्वनी शास्त्री, राजेन्द्र मूरजानी, कमलेश हेमनानी, आशीष शर्मा, किशन पारीक, किशोर टेकवानी, रणवीर सैनी सहित अखिल भारतीय जन कल्याण ट्रस्ट के पदाधिकारियों एवं अन्य गणमान्यजनों ने संयुक्त सफाई कामगार यूनियन और जिला प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आंदोलन का शांतिपूर्ण समाधान अजमेर शहर और नागरिकों के हित में अत्यंत सराहनीय है। महासंघ ने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी प्रशासन एवं कर्मचारी संगठनों के बीच संवाद और समन्वय के माध्यम से जनहित से जुड़े सभी मुद्दों का समाधान सौहार्दपूर्ण वातावरण में किया जाएगा।

+