हरिओम कॉलोनी की अधूरी व क्षतिग्रस्त सड़कों को जल्द पूरा कराने की मांग

सैयद सज्जाद अली,
अजमेर, 04 जुलाई 2026। हरिओम कॉलोनी विकास समिति (पंजीकृत), चन्द्रवरदाई नगर के लेन संख्या 5 निवासी सुरेश चन्द्र उदेनिया ने सोशल मीडिया के माध्यम से समिति के मीडिया प्रभारी एवं सामाजिक दर्पण न्यूज़ के वरिष्ठ पत्रकार रमेश लालवानी को जानकारी देते हुए बताया कि उन्होंने समिति के अध्यक्ष एवं सचिव से कॉलोनी की अधूरी और क्षतिग्रस्त सड़कों के निर्माण को लेकर कार्रवाई की मांग की है। सुरेश उदेनिया ने बताया कि हरिओम कॉलोनी गली नंबर 5 में पहले केवल आधी-अधूरी सड़क का निर्माण किया गया था, जो मिलन समारोह स्थल तक ही सीमित रहा। इसके आगे मिलन समारोह स्थल से गंगा चिल वाटर के मोड़ तक का हिस्सा आज तक अधूरा पड़ा है। उन्होंने बताया कि हरिओम कॉलोनी के मुख्य मार्ग की सड़क को भी लगभग दो माह पहले खोद दिया गया था, लेकिन उसके बाद से निर्माण कार्य अधूरा छोड़ दिया गया है। इसके अलावा चन्द्रवरदाई नगर टेम्पो स्टैंड के मोड़ से एसबीआई एटीएम तक सड़क अधूरी है तथा आगे श्रीमती ज्योति एवं सुरेश सोनी (सुनार) की दुकान तक बनी सड़क भी गुणवत्तापूर्ण नहीं है। सड़क पर जगह-जगह से पत्थर निकल रहे हैं और निर्माण कार्य अधूरा एवं कमजोर दिखाई दे रहा है। सुरेश उदेनिया ने मांग की है कि हरिओम कॉलोनी गली नंबर 5 की पूरी सड़क का निर्माण कराया जाए तथा मुख्य मार्ग की सड़क को भी निर्धारित मानकों के अनुरूप मजबूत एवं पक्का बनाया जाए। उन्होंने कहा कि बारिश के मौसम को देखते हुए शीघ्र निर्माण कार्य पूरा कराया जाना आवश्यक है, ताकि आमजन को परेशानी का सामना न करना पड़े। हरिओम कॉलोनी विकास समिति के संरक्षक एवं पदाधिकारियों चन्द्राराम गुर्जर, राकेश सेन, महावीर सेन, जतिन गोयल, सुधन वर्मा, इन्द्राज कुमार कसाना, नरेश मंगलानी, रमेश लालवानी, राजेश विजयवर्गीय, संजय लालवानी एवं के.के. कुमावत सहित अन्य सदस्यों ने जिला कलेक्टर लोक बंधु से मौके का व्यक्तिगत निरीक्षण कर शीघ्र आवश्यक कार्रवाई कराने की मांग की है।

+