हेलमेट अभियान के अलावा चोरी व बढ़ते अपराधों पर भी ध्यान दे पुलिस: व्यापारिक महासंघ
अजमेर, 3 जुलाई 2026। राजस्थान पुलिस मुख्यालय के अतिरिक्त महानिदेशक (यातायात) डॉ. जी.एल. मीणा के निर्देश पर प्रदेशभर में 2 जुलाई से 16 जुलाई 2026 तक हेलमेट नियमों की पालना सुनिश्चित कराने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इधर, श्री अजमेर व्यापारिक महासंघ ने इस अभियान पर सवाल उठाते हुए कहा है कि यातायात पुलिस को हेलमेट चेकिंग के साथ-साथ शहर में बढ़ती चोरी, तेज रफ्तार वाहन, अवैध एवं अनफिट वाहन, क्षमता से अधिक सवारी, प्रदूषण फैलाने वाले वाहन, मॉडिफाइड साइलेंसर, नशे की हालत में वाहन चलाना, ओवरलोड वाहन, वाहन चलाते समय मोबाइल का उपयोग, रॉन्ग साइड ड्राइविंग, अवैध पार्किंग तथा अन्य कानून-व्यवस्था संबंधी मामलों पर भी समान रूप से ध्यान देना चाहिए। महासंघ के अध्यक्ष महेन्द्र बंसल एवं संस्थापक महासचिव रमेश लालवानी ने बताया कि शुक्रवार सुबह केसरगंज बाजार में तीन दुकानों के ताले तोड़कर चोरी की वारदात सामने आने तथा पूर्व में भी लगातार ऐसी घटनाएं होने के विरोध में व्यापारियों ने महासंघ के नेतृत्व में बाजार बंद रखकर पुलिस प्रशासन के खिलाफ विरोध दर्ज कराया। महासंघ का कहना है कि हेलमेट के नाम पर विशेष अभियान चलाने से पहले पुलिस को शहर में बढ़ रही चोरी और अन्य अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण करना चाहिए। इस संबंध में महासंघ ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी, आईजी राजेन्द्र सिंह, संभागीय आयुक्त शक्ति सिंह राठौड़, पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला तथा जिला कलेक्टर लोक बंधु से अपराधों पर अंकुश लगाने और व्यापारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। इस अवसर पर महासंघ के प्रतिनिधियों में महेन्द्र बंसल, किशन पारीक, कमलेश हेमनानी, सुरेश तंबोली, दिलीप बुलचंदानी, किशोर टेकवानी, रणवीर सैनी, आशीष शर्मा, हरीश अगनानी, सरदार जगजीत सिंह छाबड़ा, मोहनलाल खंडेलवाल, ठाकुर मूलानी, विनय चैनानी सहित अन्य व्यापारी उपस्थित रहे।
- Posted By:- Abdul Qadir || Date:- 04 July 2026
- Total Views:- 71
