दरगाह संपर्क सड़क की बदहाली से राहगीर परेशान, कीचड़ से हादसों का बढ़ा खतरा
बदरुद्दीन कुरैशी,
अजमेर, 4 जुलाई 2026। दरगाह संपर्क मार्ग स्थित ताराशाह नगर की सड़क लंबे समय से बदहाल स्थिति में है। स्थानीय लोगों के अनुसार इस सड़क पर ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक निर्माण सामग्री एवं मलबा लाकर डाल देते हैं, जिससे बरसात के दौरान सड़क पर अत्यधिक कीचड़ हो जाता है।
कीचड़ के कारण पैदल राहगीरों का निकलना भी मुश्किल हो गया है, वहीं दोपहिया और चारपहिया वाहन अक्सर फंस जाते हैं। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि सड़क की खराब स्थिति के चलते आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं, जिससे लोगों की सुरक्षा पर भी खतरा बना हुआ है।
क्षेत्रवासियों ने बताया कि इस समस्या को लेकर कई बार संबंधित विभाग और प्रशासन से शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क की तत्काल मरम्मत कराई जाए तथा सड़क पर मलबा डालने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि आमजन को राहत मिल सके।
- Posted By:- Abdul Qadir || Date:- 04 July 2026
- Total Views:- 125
