मौहर्रम शुरू, फिर भी दरगाह बाजार में सफाई व्यवस्था बदहाल; व्यापारियों ने जताया रोष, निगम उपायुक्त को सौंपा ज्ञापन

अजमेर, 20 जून 2026। श्री अजमेर व्यापारिक महासंघ से सम्बद्ध दरगाह बाजार दुकानदार एसोसिएशन के अध्यक्ष किशन छबलानी के नेतृत्व में बाजार के व्यापारियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने नगर निगम के उपायुक्त को ज्ञापन देकर दरगाह बाजार क्षेत्र में व्याप्त गंदगी और बदहाल सफाई व्यवस्था की ओर ध्यान आकर्षित किया। ज्ञापन में बताया गया कि लाखन कोटड़ी साइड से आने वाली पंडाल वाली गलियों की नालियों में हमेशा कचरा भरा रहता है। नियमित सफाई नहीं होने के कारण नालियों का गंदा पानी मुख्य दरगाह बाजार में फैलता रहता है, जिससे व्यापारियों और जायरीन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अध्यक्ष किशन छबलानी एवं कार्यकारी अध्यक्ष साजन छबलानी ने श्री अजमेर व्यापारिक महासंघ के संस्थापक एवं महासचिव रमेश लालवानी को सोशल मीडिया के माध्यम से गंदगी से संबंधित फोटो एवं वीडियो भेजकर स्थिति से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि दरगाह बाजार मुख्य मार्ग पर गंदा पानी फैला रहता है, कचरे के ढेर पड़े रहते हैं तथा नियमित रूप से सड़क पर झाड़ू भी नहीं लगाई जाती। इसके कारण बाजार में दुर्गंध का माहौल बना रहता है और यहां आने-जाने वाले जायरीन के कपड़े भी खराब हो जाते हैं। व्यापारियों ने इस स्थिति पर गहरा रोष व्यक्त करते हुए प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है। इस दौरान श्री अजमेर व्यापारिक महासंघ के संगठन सचिव साहिल टेकचंदानी, संस्थापक एवं महासचिव रमेश लालवानी, साजन छबलानी, संदीप कच्छावा, सुरेश फूलवानी, नरेश जोधानी पहलवान, प्रकाश लालवानी, हरीश बच्चानी, धनश्याम रामरख्यानी, मनोज कुमार, महेश वरलानी सहित अन्य व्यापारियों ने जिलाधीश एवं जिला मजिस्ट्रेट लोक बंधु (आईएएस), संभागीय आयुक्त एवं नगर निगम प्रशासक शक्ति सिंह राठौड़ (आईएएस), नगर निगम आयुक्त नित्या के., अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट नरेंद्र कुमार मीणा सहित संबंधित अधिकारियों से मांग की कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान रखने वाले दरगाह बाजार क्षेत्र में सफाई व्यवस्था को तत्काल दुरुस्त करने के लिए आवश्यक प्रबंध किए जाएं। व्यापारियों का कहना है कि मौहर्रम के अवसर पर बड़ी संख्या में जायरीन दरगाह शरीफ पहुंचते हैं। ऐसे में दरगाह बाजार जैसे महत्वपूर्ण मार्गों पर स्वच्छता और सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी होनी चाहिए।

+