स्मार्ट सिटी अजमेर की सड़कों पर उभरे खतरे: हजारों टूटे फेरो कवर दुर्घटनाओं का कारण, व्यापारिक महासंघ ने गुणवत्ता जाँच की रखी मांग
अजमेर, 19 जून 2026। श्री अजमेर व्यापारिक महासंघ ने शहरभर में सड़कों पर लगे सीवरेज एवं अन्य फेरो (मैनहोल) कवरों की खराब स्थिति पर चिंता जताते हुए उन्हें सड़क की लेवल के अनुरूप दुरुस्त कराने की मांग की है। महासंघ का कहना है कि उबड़-खाबड़, टूटे एवं सड़क से ऊंचे-नीचे फेरो कवरों के कारण प्रतिदिन दुर्घटनाएं हो रही हैं तथा यातायात भी प्रभावित हो रहा है। महासंघ के उपाध्यक्ष किशन पारीक एवं संस्थापक-महासचिव रमेश लालवानी ने बताया कि स्मार्ट सिटी कहलाने वाले अजमेर शहर में हजारों की संख्या में लगे फेरो कवर आमजन, वाहन चालकों एवं व्यापारियों के लिए परेशानी का कारण बने हुए हैं। इनकी वजह से वाहन क्षतिग्रस्त होते हैं और कई बार गंभीर दुर्घटनाएं भी घटित होती हैं। महासंघ के कार्यकारी अध्यक्ष राजेन्द्र मूरजानी एवं महासचिव रमेश लालवानी ने संभागीय आयुक्त शक्ति सिंह राठौड़ तथा जिला कलक्टर लोक बंधु से मांग की है कि शहरभर में लगे सभी फेरो कवरों का व्यापक निरीक्षण कराया जाए। साथ ही उनकी गुणवत्ता की जांच अधिकृत लैबोरेटरी में करवाई जाए तथा निम्न गुणवत्ता वाले एवं बार-बार टूटने वाले कवरों को हटाकर उच्च गुणवत्ता के कवर लगाए जाएं। वैशाली नगर अध्यक्ष दिनेश मूरजानी, रमेश मूलचंदानी एवं अनिल आडवानी ने भी मांग की कि सभी फेरो कवरों को सड़क की सतह के बराबर किया जाए, ताकि दुर्घटनाओं पर अंकुश लग सके और यातायात सुचारू रूप से संचालित हो। महासंघ के उपाध्यक्ष किशन पारीक, महासचिव रमेश लालवानी, हाजी फखर काजमी, रणवीर सैनी, किशोर टेकवानी, आशीष शर्मा, रवि उदेरानी, गोविन्द लालवानी, अब्दुल कादिर मुल्तानी, कुशाल जैन, घनश्याम पंचोली, प्रशान्त शर्मा, संजीव खण्डेलवाल, प्रदीप अग्रवाल, घनश्याम परयानी, संदीप रांका, सुरेश तम्बोली, मानमल गोयल, हरीश अगनानी, कमलेश हेमनानी, बदरूद्दीन कुरेशी, शराफत हुसैन घोसी सहित अन्य पदाधिकारियों एवं व्यापारियों ने जिला प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई कर शहर की सड़कों को सुरक्षित बनाने की मांग की है।
- Posted By:- Abdul Qadir || Date:- 19 June 2026
- Total Views:- 153
