एटीएम पर गार्ड तैनात करने की मांग, बढ़ते फ्रॉड को लेकर ‘एक पहल सेवा संस्थान’ ने जताई चिंता
अजमेर, 18 जून 2026। शहर में एटीएम मशीनों पर हो रही धोखाधड़ी की घटनाओं को देखते हुए सामाजिक संस्था एक पहल सेवा संस्थान ने सभी बैंक प्रबंधन से बिना सुरक्षा गार्ड वाले एटीएम केंद्रों पर तत्काल गार्ड नियुक्त करने की मांग की है। संस्थान के संस्थापक शैलेश गर्ग ने बताया कि असामाजिक तत्व एटीएम मशीन में कार्ड डालने वाली जगह पर फेविकोल या अन्य चिपकने वाला पदार्थ लगा देते हैं तथा मशीन पर अपना मोबाइल नंबर चस्पा कर देते हैं। जब ग्राहक एटीएम में कार्ड डालकर पिन दर्ज करता है और कार्ड मशीन में फंस जाता है, तो वह सहायता के लिए चिपकाए गए नंबर पर संपर्क करता है। दूसरी ओर से स्वयं को बैंक अधिकारी बताकर ग्राहक को कुछ समय बाद आने की सलाह दी जाती है। उन्होंने बताया कि ग्राहक के वहां से जाने के बाद आरोपी एटीएम में पहुंचकर फंसे हुए कार्ड को निकाल लेते हैं और ग्राहक द्वारा दर्ज किए गए पिन का उपयोग कर खाते से राशि निकाल लेते हैं। बाद में ग्राहक को मोबाइल पर निकासी का संदेश प्राप्त होता है, तब उसे धोखाधड़ी का पता चलता है। शैलेश गर्ग ने कहा कि बिहारी गंज स्थित एक एटीएम पर 14 जून को भी इसी प्रकार की एक घटना सामने आई है। संस्था के पास संबंधित घटना के कुछ वीडियो भी उपलब्ध हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों की रोकथाम के लिए एटीएम केंद्रों पर सुरक्षा गार्ड की नियुक्ति तथा निगरानी व्यवस्था को मजबूत किया जाना आवश्यक है। उन्होंने बताया कि संस्था शीघ्र ही इस संबंध में बैंक अधिकारियों से मुलाकात कर सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने की मांग करेगी। साथ ही आमजन से भी अपील की गई है कि एटीएम पर किसी अनजान व्यक्ति की सहायता न लें तथा किसी भी संदिग्ध स्थिति की सूचना तुरंत बैंक और पुलिस को दें।
- Posted By:- Abdul Qadir || Date:- 18 June 2026
- Total Views:- 89
