जामिया मिल्लिया इस्लामिया में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 से पूर्व योग प्रशिक्षण सत्र आयोजित
नई दिल्ली, 16 जून 2026। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 के उपलक्ष्य में, जो प्रतिवर्ष 21 जून को मनाया जाता है, जामिया मिल्लिया इस्लामिया विश्वविद्यालय के हॉल ऑफ गर्ल्स रेजिडेंस (ओल्ड) में 16 जून 2026 को एक योग प्रशिक्षण सत्र का आयोजन किया गया। इस प्रशिक्षण सत्र का संचालन प्रो. बदरुल इस्लाम कैरानवी एवं सुश्री कौसर ने किया। उन्होंने विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम तकनीकों का प्रदर्शन करते हुए योग के शारीरिक स्वास्थ्य, मानसिक संतुलन, तनाव प्रबंधन तथा स्वस्थ जीवनशैली में योगदान पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम का समन्वयन हॉल ऑफ गर्ल्स रेजिडेंस की रेजिडेंट वार्डन डॉ. नज़नीन फातिमा द्वारा किया गया, जबकि इसका आयोजन प्रो. राना नूर, प्रोवोस्ट, हॉल ऑफ गर्ल्स रेजिडेंस के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में छात्रावास के कर्मचारी, केयरटेकर एवं छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इसके साथ ही बीएचएम हॉस्टल के निवासी एवं केयरटेकर भी इस प्रशिक्षण सत्र में शामिल हुए, जिससे यह एक सफल अंतर-छात्रावास पहल साबित हुई। प्रतिभागियों ने योग प्रशिक्षण में सक्रिय रूप से भाग लेते हुए प्रशिक्षकों द्वारा दिए गए व्यावहारिक मार्गदर्शन और प्रदर्शन की सराहना की। इस अवसर ने योग के महत्व के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ दैनिक जीवन में स्वस्थ आदतों को अपनाने के लिए प्रेरित किया। यह योग प्रशिक्षण कार्यक्रम छात्रावास समुदाय में स्वास्थ्य, कल्याण और समग्र विकास को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध हुआ। सत्र का समापन सकारात्मक वातावरण में हुआ, जहाँ प्रतिभागियों ने इस ज्ञानवर्धक एवं ऊर्जा प्रदान करने वाले अनुभव के लिए आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम की सफल आयोजन ने छात्रावास प्रशासन की निवासियों के स्वास्थ्य, कल्याण एवं समग्र विकास के प्रति प्रतिबद्धता को भी प्रतिबिंबित किया।
- Posted By:- Abdul Qadir || Date:- 17 June 2026
- Total Views:- 67
