दरगाह क्षेत्र में मोबाइल चोरी करने वाली शातिर गैंग का पर्दाफाश, 18 लाख के 42 मोबाइल बरामद, 7 गिरफ्तार

मोहम्मद इरफ़ान अंसारी अजमेर, 17 जून। दरगाह क्षेत्र में जायरीनों की जेबतराशी कर मोबाइल चोरी करने वाली एक शातिर गैंग का पुलिस ने भंडाफोड़ करते हुए 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से विभिन्न कंपनियों के 42 महंगे मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 18 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस अधीक्षक अजमेर के निर्देश पर दरगाह थाना पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर यह कार्रवाई की। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर एवं वृत्ताधिकारी दरगाह के सुपरविजन में थाना प्रभारी दिनेश कुमार जीवनानी के नेतृत्व में गठित टीम ने 16 जून को दरगाह परिसर और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तथा तकनीकी विश्लेषण के आधार पर आरोपियों की पहचान की। पुलिस ने मोहम्मद अनवर, मोहम्मद शफीक, शाहिद हुसैन, मशरत, शेख अजूबा, सुल्ताना शेख तथा शाकिर अली को गिरफ्तार किया। पूछताछ में इनके कब्जे से चोरी के 42 मोबाइल फोन बरामद हुए। आरोपियों के खिलाफ दरगाह थाने में प्रकरण संख्या 106/2026 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में से कई के खिलाफ पहले से चोरी, लूट, एनडीपीएस एक्ट, आर्म्स एक्ट और अन्य मामलों में आपराधिक रिकॉर्ड दर्ज हैं। पुलिस गैंग के अन्य सदस्यों तथा चोरी के मोबाइल खरीदने-बेचने वाले लोगों के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है। अधिकारियों का मानना है कि पूछताछ में और भी मोबाइल बरामद होने की संभावना है। पुलिस ने बताया कि दरगाह आने वाले जायरीन और पर्यटक भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में अपने मोबाइल एवं कीमती सामान की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहें। कार्रवाई करने वाली टीम को इस बड़ी सफलता के लिए पुलिस अधिकारियों ने सराहा है।

+