इंदौर में मोहर्रम के दौरान ‘शेर’ बनकर चंदा वसूली करने वालों पर कार्रवाई की मांग, आजाद नगर थाने में शिकायत

अब्दुल कादर,
इंदौर 17जून । मोहर्रम पर्व के दौरान ‘शेर’ बनकर कथित रूप से चंदा वसूली करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग को लेकर आजाद नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है। स्थानीय नागरिक असलम खान, शेख शाकिर मसूदी, सलमान पठान सहित अन्य जागरूक नागरिकों ने पुलिस को आवेदन सौंपकर इस संबंध में कार्रवाई की मांग की। शिकायतकर्ताओं ने बताया कि मोहर्रम की शुरुआत से लेकर यौमे आशूरा तक दस दिनों के दौरान कुछ लोग मुस्लिम बहुल क्षेत्रों में ढोल-ताशों के साथ ‘शेर’ का रूप धारण कर घूमते हैं और लोगों से चंदा वसूलते हैं। उनका आरोप है कि कई स्थानों पर यह गतिविधि जबरन वसूली का रूप ले लेती है, जिससे बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों में भय का माहौल बनता है। आवेदन में कहा गया है कि इस्लाम में ‘शेर बनने’ की कोई धार्मिक परंपरा या अनिवार्य रस्म नहीं है और कुछ लोग इसे चंदा एकत्र करने का माध्यम बना रहे हैं। शिकायतकर्ताओं ने पुलिस प्रशासन से मांग की कि सार्वजनिक स्थानों पर भय का वातावरण बनाकर चंदा वसूली करने वाले व्यक्तियों की पहचान कर उनके खिलाफ नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। नागरिकों ने कहा कि मोहर्रम आपसी भाईचारे, शांति और सम्मान का पर्व है तथा इसे शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाया जाना चाहिए। उन्होंने प्रशासन से ऐसे मामलों पर प्रभावी निगरानी रखने और आमजन को किसी भी प्रकार की असुविधा से बचाने की अपील की है।

+