मिनी उर्स की तैयारियों को लेकर कांग्रेस नेताओं ने संभागीय आयुक्त को सौंपा ज्ञापन
सम्पादक:अब्दुल क़ादिर
अजमेर, 15 जून। अजमेर शहर जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व उपाध्यक्ष गुलाम मुस्तफा के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने आगामी मिनी उर्स की व्यवस्थाओं को लेकर संभागीय आयुक्त शक्ति सिंह राठौड़ को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में 17 जून से 28 जून तक आयोजित होने वाले मिनी उर्स के दौरान दरगाह क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं और व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने की मांग की गई।
ज्ञापन में कहा गया कि मिनी उर्स के दौरान लाखों जायरीन दरगाह क्षेत्र में पहुंचेंगे, इसलिए मेला क्षेत्र में पेयजल, सफाई, बिजली और सुरक्षा जैसी आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए। प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि दरगाह क्षेत्र में दिन में दो बार कम से कम एक-एक घंटे तक नियमित जलापूर्ति की जाए, ताकि जायरीनों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
कांग्रेस नेताओं ने मेला क्षेत्र में सफाई व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए सफाई कर्मचारियों की नियमित निगरानी तथा जमीनी स्तर पर कार्य सुनिश्चित करने की मांग भी रखी। साथ ही क्षेत्र में स्ट्रीट लाइटों की पर्याप्त व्यवस्था एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति बनाए रखने पर जोर दिया गया।
ज्ञापन में विशेष रूप से मोहर्रम के दौरान निकलने वाले ताजियों के जुलूस मार्ग पर वैकल्पिक प्रकाश व्यवस्था करने तथा किसी भी विद्युत व्यवधान की स्थिति में जनरेटर के माध्यम से तत्काल बिजली आपूर्ति उपलब्ध कराने की मांग की गई। इसके अलावा विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के लिए एक नोडल अधिकारी नियुक्त करने का सुझाव भी दिया गया, जिससे जायरीनों और स्थानीय लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान हो सके।
इस अवसर पर पूर्व पार्षद सैयद अम्माद चिश्ती, सैयद बाबर चिश्ती, इमरान सिद्दीकी, मेहराज खान, बिपिन बेसिल, मोहम्मद शाकिर, हाजी शकील अब्बासी, गुफरान सिद्दीकी, कीर्ति पाठक सहित अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
- Posted By:- Abdul Qadir || Date:- 15 June 2026
- Total Views:- 283
