विश्व रक्तदाता दिवस पर अजमेर में रक्तदाताओं का सम्मान, 820 लोगों ने उठाया स्वास्थ्य जांच शिविर का लाभ
अजमेर। 14 जून,विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर आई.एच.टी.एम. विभाग (रक्तकेन्द्र), जवाहर लाल नेहरू चिकित्सालय एवं जवाहर लाल नेहरू आयुर्विज्ञान महाविद्यालय, अजमेर के संयुक्त तत्वावधान में जनजागरूकता एवं सम्मान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम विश्व स्वास्थ्य संगठन की थीम “One Drop of Humanity, Give Blood, Save Lives” के अनुरूप संपन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. लॉरेन्स बेंडो, डीआईजी (मेडिकल), सीआरपीएफ-2 अजमेर रहे, जबकि अध्यक्षता प्रधानाचार्य एवं नियंत्रक डॉ. अनिल सामरिया ने की। विशिष्ट अतिथियों में डॉ. राजेश कोर, डॉ. हेमेश्वर हर्षवर्धन, डॉ. अरविंद खरे, डॉ. जी.सी. मीणा, डॉ. सम्पत सिंह जोधा तथा अजमेर रीजन थैलेसीमिया वेलफेयर सोसायटी के महामंत्री ईश्वर पारवानी शामिल रहे। दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ कार्यक्रम का शुभारम्भ हुआ। मुख्य अतिथि डॉ. लॉरेन्स बेंडो ने स्वैच्छिक रक्तदान को मानवता की सर्वोच्च सेवा बताते हुए अधिक से अधिक लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद मरीज को नया जीवन दे सकता है। थैलेसीमिया वेलफेयर सोसायटी के महामंत्री ईश्वर पारवानी ने थैलेसीमिया रोग की रोकथाम के लिए नियमित काउंसलिंग एवं जनजागरूकता की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने थैलेसीमिया से पीड़ित बच्चों की देखभाल और उपचार में अभिभावकों की भूमिका को भी महत्वपूर्ण बताया। विभागाध्यक्ष डॉ. जी.सी. मीणा ने बताया कि विश्व रक्तदाता दिवस सप्ताह के अंतर्गत 8 से 13 जून तक विभिन्न जनहितकारी गतिविधियां आयोजित की गईं। इस दौरान आयोजित निःशुल्क रक्त समूह एवं हीमोग्लोबिन जांच शिविरों से लगभग 820 लोगों ने लाभ प्राप्त किया। जांच के दौरान 216 एनीमिया प्रभावित व्यक्तियों को आयरन-फोलिक एसिड की निःशुल्क दवाएं वितरित की गईं। वॉल पेंटिंग प्रतियोगिता में विधी, दीपीका एवं अभीलाशा ने प्रथम, खुशी, संगीता डामोर एवं मनीषा ने द्वितीय तथा गायत्री, नेहा चारण एवं नेहा शर्मा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं नियमित रक्तदान को प्रोत्साहित करने वाली कविता प्रस्तुत करने वाले अजय जैन, अक्षिका, मुकेश कुमार, दिव्या सोनी, मनुश्री झांकल, सुनील कुमार सेठी, समीक्षा निरंकारी, दिशा प्रकाश, शांति लाल लोधा, विवेक भागचंदानी, नम्रता गहलोत एवं इकबाल वारसी को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर गरीब नवाज वेलफेयर सोसाइटी, अजमेर के सचिव मोहम्मद नजीर कादरी का भी सम्मान किया गया। साथ ही विभिन्न सामाजिक संस्थाओं, स्वैच्छिक रक्तदाताओं, भामाशाहों एवं सहयोगी संगठनों को प्रशस्ति-पत्र और स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में डॉ. अमित यादव, डॉ. संजीव माहेश्वरी, डॉ. श्याम भूतड़ा, डॉ. महेन्द्र खन्ना, डॉ. विनय कपूर, डॉ. सुनीता टेकचंदानी सहित आईएचटीएम विभाग के चिकित्सक, नर्सिंग कर्मी, तकनीशियन एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समाज में स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा नियमित रक्तदाताओं के योगदान को सम्मानित करना रहा।
- Posted By:- Abdul Qadir || Date:- 15 June 2026
- Total Views:- 30
