इंदौर बायपास पर अंधेरे में आगजनी, कनाड़िया पुलिस की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा

अब्दुल कादर इंदौर, शहर के कनाड़िया थाना क्षेत्र स्थित बायपास पर लगातार बनी रहने वाली अंधेरे की समस्या एक बार फिर गंभीर रूप में सामने आई। शुक्रवार रात अचानक आगजनी की घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया, लेकिन कनाड़िया पुलिस की तत्परता और सूझबूझ से एक बड़ा हादसा टल गया। इंदौर कनाडिया थाना क्षेत्र के रहवासी की तरफ से बताया जा रहा है कि बायपास क्षेत्र में लंबे समय से स्ट्रीट लाइट बंद रहने के कारण घना अंधेरा रहता है। इसी बीच अचानक आग लगने की सूचना मिलते ही कनाड़िया थाने के पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। पर्याप्त रोशनी नहीं होने के कारण पुलिसकर्मियों को मोबाइल की टॉर्च के सहारे आग बुझाने का प्रयास करना पड़ा। अंधेरे के चलते राहत कार्य में काफी दिक्कतें आईं, बावजूद इसके पुलिस टीम ने साहस और सतर्कता दिखाते हुए समय रहते आग पर काबू पा लिया, जिससे बड़ा नुकसान होने से बच गया। स्थानीय लोगों ने बताया कि बायपास पर स्ट्रीट लाइट लंबे समय से बंद पड़ी हैं, जिसकी शिकायत कई बार की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। इस घटना के बाद एक बार फिर विद्युत विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं। लोगों ने संबंधित अधिकारियों से जल्द से जल्द इस समस्या का समाधान करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।

+