अजमेर जिले में शिया समुदाय ने हर्षोल्लास से मनाई ईद-ए-गदीर

मोहम्मद नजीर कादरी अजमेर। 5जून,शिया मुस्लिम समुदाय की सबसे बड़ी ईद मानी जाने वाली ईद-ए-गदीर शुक्रवार को अजमेर जिले में पूरे हर्षोल्लास, अकीदत और धार्मिक उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर जिले के दौराई, तारागढ़, रूपनगढ़ और राजोसी सहित विभिन्न क्षेत्रों में विशेष धार्मिक महफिलों का आयोजन किया गया, जिनमें सैकड़ों अकीदतमंदों ने भाग लिया। लोगों ने अपने घरों में तरह-तरह के पकवान तैयार कर नजर दिलवाई तथा एक-दूसरे को ईद-ए-गदीर की मुबारकबाद दी। दौराई स्थित मस्जिद-ए-इमाम-ए-महदी में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में मौलाना तकी जाफर ने ईद-ए-गदीर के विशेष आमाल करवाए और अपने संबोधन में गदीर-ए-खुम की ऐतिहासिक घटना तथा उसके महत्व पर प्रकाश डाला। वहीं दरगाह हजरत अब्बास पर आयोजित महफिल में मौलाना इरफान हैदर ने आमाल अदा करवाते हुए पैगंबर-ए-इस्लाम हजरत मोहम्मद मुस्तफा (स.अ.) द्वारा किए गए ऐलान-ए-गदीर की अहमियत को विस्तार से बताया। उन्होंने समुदाय को इत्तेहाद, भाईचारे और विलायत के संदेश पर अमल करने की प्रेरणा दी। इस अवसर पर मौलाना शमीमुल हसन, मौलाना जिशान हैदर तथा मौलाना हैदर बिजनोरी ने भी अपने विचार व्यक्त किए और ईद-ए-गदीर की फजीलत एवं उसके धार्मिक महत्व पर प्रकाश डाला। वक्ताओं ने कहा कि यह पर्व इंसानियत, एकता, प्रेम और आपसी सद्भाव का संदेश देता है। दौराई, तारागढ़, रूपनगढ़ और राजोसी में आयोजित सभी महफिलों के समापन पर देश में अमन-चैन, खुशहाली और आपसी भाईचारे के लिए विशेष दुआएं की गईं। अकीदतमंदों ने मुल्क की तरक्की और समाज में सौहार्द बनाए रखने की कामना की। ओलेमा कमेटी के अध्यक्ष मौलाना काजिम अली जैदी ने समस्त देशवासियों को ईद-ए-गदीर की मुबारकबाद देते हुए देश में भाईचारे, शांति और सौहार्द कायम रहने की दुआ की। वहीं राजस्थान शिया मुस्लिम महासभा के जिलाध्यक्ष सैय्यद आबिद हुसैन ने बताया कि ईद-ए-गदीर का पर्व पूरे देश के साथ-साथ अजमेर जिले में भी बड़े उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया गया। उन्होंने कहा कि दौराई, तारागढ़, रूपनगढ़ और राजोसी सहित जिलेभर में मोमिनीन ने अकीदत के साथ इस पर्व को मनाया तथा अमन-चैन और खुशहाली के लिए दुआएं कीं। ईद-ए-गदीर के अवसर पर आयोजित धार्मिक कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों ने भाग लेकर अपनी श्रद्धा व्यक्त की। पूरे जिले में धार्मिक उल्लास और भाईचारे का माहौल देखने को मिला।

+