10 दिन बाद जनसुनवाई में लौटे विधायक डॉ. विकास चौधरी, सैकड़ों शिकायतों का मौके पर निस्तारण; अधिकारियों को दी सख्त चेतावनी
आशा खत्री,, किशनगढ़, 3 जून। कांग्रेस के 10 दिवसीय चिंतन शिविर के बाद क्षेत्र में लौटे किशनगढ़ विधायक डॉ. विकास चौधरी एक्शन मोड में नजर आए। जनसुनवाई कार्यक्रम दोबारा शुरू होते ही विधायक आवास पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों और शहरवासियों की भीड़ उमड़ पड़ी। लोगों ने पानी, बिजली, सड़क, नगर परिषद एवं अन्य विभागों से संबंधित समस्याएं विधायक के समक्ष रखीं। जनसुनवाई के दौरान विधायक डॉ. विकास चौधरी ने आमजन की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए कई मामलों का मौके पर ही समाधान कराया। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों से फोन पर बात कर लंबित शिकायतों के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। नगर परिषद, बिजली विभाग और जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (पीएचईडी) से जुड़ी शिकायतों की अधिकता पर विधायक ने अधिकारियों को कड़े शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि आमजन को अपने कार्यों के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ने चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनता के कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी और शिकायत मिलने पर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। जनसुनवाई में मुख्य रूप से पेयजल संकट, बिजली कटौती, सड़कों के मरम्मत कार्य, नगर परिषद में लंबित पट्टों और अन्य प्रशासनिक मामलों से संबंधित शिकायतें सामने आईं। विधायक के हस्तक्षेप से सैकड़ों परिवादों का त्वरित निस्तारण हुआ, जिससे लोगों को राहत मिली। समस्याओं के समाधान से संतुष्ट क्षेत्रवासियों ने विधायक डॉ. विकास चौधरी का आभार व्यक्त करते हुए उनकी सक्रिय कार्यशैली की सराहना की। विधायक आवास पर पूरे दिन जनसुनवाई का सिलसिला जारी रहा और बड़ी संख्या में लोगों ने अपनी समस्याएं दर्ज कराईं।
- Posted By:- Abdul Qadir || Date:- 03 June 2026
- Total Views:- 72
