दिल्ली अग्निकांड में किशनगढ़-अजमेर के कई लोगों की मौत, शोक की लहर

आशा खत्री,, किशनगढ़। 3जून, दिल्ली के मालवीय नगर स्थित लेमन ग्रीन रेस्टोरेंट में हुए भीषण अग्निकांड ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं। इस दर्दनाक हादसे में किशनगढ़ की लक्ष्मीनारायण कॉलोनी निवासी अशोक पंसारी की भी मौत हो गई। घटना की खबर मिलते ही किशनगढ़ और अजमेर क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई। जानकारी के अनुसार अशोक पंसारी दिल्ली के मैक्स हॉस्पिटल में भर्ती अपने फूफाजी राधेश्याम अग्रवाल का हालचाल जानने गए थे। देर रात परिवार के सदस्य होटल में ठहरे हुए थे, तभी सुबह भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि लोगों को संभलने और बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिल पाया। हादसे में अशोक पंसारी के साथ उनकी छोटी बुआ अजमेर के गुलाबबाड़ी निवासी कमला देवी तथा उनके पति की भी मौत हो गई। वहीं अस्पताल में भर्ती राधेश्याम अग्रवाल के परिवार पर भी दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। अग्निकांड में उनकी पत्नी प्रेम अग्रवाल, पुत्र विवेक अग्रवाल, पुत्रवधु तर्जनी अग्रवाल, बड़ी पुत्री एंजल तथा छोटी पुत्री की भी जान चली गई। एक ही परिवार के कई सदस्यों की मौत से किशनगढ़ और अजमेर में मातम पसरा हुआ है। हादसे की सूचना मिलते ही परिजन, रिश्तेदार और परिचित स्तब्ध रह गए। परिवार के कई सदस्य दिल्ली के लिए रवाना हो चुके हैं। पूरे क्षेत्र में शोक और संवेदना का माहौल है तथा लोग दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना कर रहे हैं।

+