कनाडिया बाईपास पर आबकारी विभाग की कार्रवाई, 80 हजार की अवैध शराब व बाइक जब्त

अब्दुल कादर,,इंदौर, 3 जून। कलेक्टर इंदौर शिवम वर्मा के आदेशानुसार एवं सहायक आबकारी आयुक्त अभिषेक तिवारी के मार्गदर्शन में आबकारी विभाग द्वारा अवैध मदिरा के विरुद्ध लगातार सघन अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को कनाडिया बाईपास क्षेत्र में त्वरित कार्रवाई करते हुए एक युवक को अवैध शराब के साथ गिरफ्तार किया गया। जानकारी के अनुसार वृत्त आंतरिक क्षेत्र क्रमांक-01 के उप निरीक्षक आशीष कुमार जैन को प्राप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई की गई। छापेमारी के दौरान गोविंद पिता मोहन वैरागी (19 वर्ष), निवासी देवास को अवैध मदिरा के परिवहन करते हुए पकड़ा गया। आरोपी के कब्जे से रॉयल चैलेंज शराब की 2 पेटियां तथा परिवहन में प्रयुक्त TVS रेडिसन मोटरसाइकिल क्रमांक MP 13ZD0310 जब्त की गई। जब्त मदिरा एवं वाहन का कुल अनुमानित बाजार मूल्य करीब 80 हजार रुपये बताया गया है। आबकारी विभाग ने आरोपी के विरुद्ध मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1)(क) के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। इस कार्रवाई में आरक्षक मुकेश रावत, शुभम गोंड, विपुल खरे एवं वीरेन्द्र पटेल की विशेष भूमिका रही, जिसकी विभाग द्वारा सराहना की गई। आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध मदिरा के निर्माण, परिवहन और विक्रय में संलिप्त लोगों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

+