महासंघ की खाद्य कारोबारियों से अपील: सुरक्षित व स्वच्छ खाद्य सामग्री का ही करें निर्माण
अजमेर, 03 जून 2026। श्री अजमेर व्यापारिक महासंघ के पदाधिकारियों ने गर्मी, बरसात एवं आगामी माहर्रम के मद्देनजर खाद्य सामग्री का निर्माण एवं विक्रय करने वाले व्यापारियों से खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने की अपील की है। महासंघ के कार्यकारी अध्यक्ष राजेन्द्र मूरजानी, मुख्य संरक्षक कालीचरणदास खण्डेलवाल एवं संस्थापक महासचिव रमेश लालवानी ने कहा कि खाद्य पदार्थों के निर्माण में गुणवत्ता और स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि आमजन के स्वास्थ्य के साथ किसी प्रकार का खिलवाड़ न हो। महासंघ ने कहा कि बरसात के मौसम में पानी में विभिन्न प्रकार के कीटाणुओं की संभावना बढ़ जाती है। ऐसे में बर्फ, कोल्ड ड्रिंक्स, मावा एवं उससे निर्मित मिठाइयों, कचौड़ी, समोसा, पकौड़ी सहित अन्य खाद्य सामग्री के निर्माण में उपयोग किए जाने वाले पानी एवं कच्चे माल की उचित जांच के बाद ही उनका उपयोग किया जाए। महासंघ पदाधिकारियों ने व्यापारियों से खाद्य सुरक्षा नियमों का पालन करने और उपभोक्ताओं को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने का आग्रह किया। साथ ही आमजन से भी अपील की गई कि यदि कहीं असुरक्षित या मिलावटी खाद्य सामग्री के निर्माण अथवा विक्रय की जानकारी मिले तो इसकी सूचना मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. ज्योत्सना रंगा को उनके मोबाइल नंबर 9413851400 पर दी जा सकती है। इस अवसर पर अनिल नानकानी, दिनेश मूरजानी, ठाकुर प्रसाद, विजय गोयल, सत्यनारायण गोयल, हाजी फखर काजमी, संजय गुप्ता, राजेन्द्र गुप्ता, संदीप रांका, मोती जेठानी, किशन छबलानी, आशीष शर्मा, किशन पारीक, रणवीर सैनी, सरदार जगजीत सिंह छाबड़ा, सरदार बलबीर सिंह, कुशाल जैन, एडवोकेट वाहेदा चिश्ती, शराफत हुसैन घोसी, दीपक नवलानी सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
- Posted By:- Abdul Qadir || Date:- 03 June 2026
- Total Views:- 61
