स्थायीकरण व वेतन वृद्धि की मांग को लेकर सफाई कर्मचारियों का प्रदर्शन, जिला कलेक्टर को मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन

अजमेर, 3 जून। अजमेर नगर निगम के अस्थायी सफाई कर्मचारियों ने बुधवार को अपनी विभिन्न मांगों को लेकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। वाल्मीकि समाज के महिला एवं पुरुष सफाई कर्मचारियों ने पुरानी नगर निगम से कचहरी रोड होते हुए जिला कलेक्टर कार्यालय तक रैली निकाली और अपनी मांगों के समर्थन में मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शनकारियों ने हाथों में झाड़ू लेकर रैली के माध्यम से सरकार और प्रशासन का ध्यान अपनी समस्याओं की ओर आकर्षित किया। कर्मचारियों ने मांग की कि अस्थायी सफाई कर्मचारियों को स्थायी किया जाए, ठेका प्रथा समाप्त की जाए तथा न्यूनतम ₹500 प्रतिदिन वेतन निर्धारित किया जाए। रैली में बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष सफाई कर्मचारी शामिल हुए। कर्मचारियों का कहना था कि वर्षों से नगर निगम में सेवाएं देने के बावजूद उन्हें स्थायी कर्मचारियों जैसी सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। उन्होंने प्रशासन से उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की। अंत में कर्मचारियों ने जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर समस्याओं के जल्द समाधान की मांग की तथा चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

+