गंज थाना पुलिस की बड़ी कार्यवाही, अवैध हुक्का बार मामले में निलंबित asi अनिल जाखड़ व पुत्र जतिन गिरफ्तार
अजमेर: 2 जून, कहते हैं कि कानून की रक्षा करने वालों पर जब खुद कानून का शिकंजा कसता है, तो उनमें कम से कम अपने पद की गरिमा और लोक-लाज का डर जरूर होता है। लेकिन राजस्थान के अजमेर जिले से एक ऐसा हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां खाकी को दागदार करने वाले एक पुलिसकर्मी को जब अदालत में पेश किया गया, तो उसके चेहरे पर न तो कोई पछतावा था और न ही पुलिस की कार्रवाई का कोई खौफ।
उल्टा, उसने मीडिया के कैमरों को देखकर ऐसी फरमाइश कर डाली कि वहां मौजूद हर शख्स दंग रह गया।
अवैध हुक्का बार मामले में गिरफ्तार हुए निलंबित असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर अनिल जाखड़ ने कोर्ट परिसर से बाहर निकलते समय बकायदा रौब दिखाते हुए कहा, 'मेरी फोटो ढंग से खींचो,बिल्कुल लॉरेंस बिश्नोई जैसी आनी चाहिए।'
कैमरा देख चढ़ा 'गैंगस्टर' बनने का भूत
'
इस पूरी घटना में सबसे ज्यादा चर्चा निलंबित एएसआई अनिल जाखड़ के बर्ताव की हो रही है। आम तौर पर जब कोई पुलिसवाला खुद गिरफ्तार होता है, तो वह अपना चेहरा छिपाने की कोशिश करता है, लेकिन अनिल जाखड़ के तेवर बिल्कुल जुदा थे। कोर्ट में पेशी के दौरान वे किसी प्रकार के दबाव या डर में नजर नहीं आए। जब कोर्ट परिसर में मीडियाकर्मी तस्वीरें लेने लगे, तो निलंबित एएसआई ने बड़े ही बेबाक अंदाज में कैमरों की तरफ देखा। उन्होंने साथ चल रहे पुलिस जवानों के कंधों पर फिल्मी स्टाइल में हाथ रख दिया। इतना ही नहीं, उन्होंने मजाकिया और रौबीले लहजे में अपनी तुलना कुख्यात गैंगस्टर से करते हुए कहा कि उनकी तस्वीर 'लॉरेंस बिश्नोई जैसी' ली जाए। इसके अलावा, आरोपी ने पूरी ठसक के साथ रास्ते में रजनीगंधा और पानी की बोतल की मांग भी की।
'
बेटा और एएसआई पिता दोनों गिरफ्तार
'
दरअसल, अजमेर जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गंज थाना पुलिस को लंबे समय से एक अवैध हुक्का बार के संचालन की शिकायतें मिल रही थीं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने देर रात योजनाबद्ध तरीके से हुक्का बार पर छापेमारी की। पुलिस के पहुंचते ही वहां हड़कंप मच गया। मौके से भारी मात्रा में हुक्का सामग्री और प्रतिबंधित फ्लेवर्स बरामद किए गए।
'
एएसआई अनिल जाखड़ को निलंबित किया
'
पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए हुक्का बार संचालक जतिन को गिरफ्तार कर लिया। लेकिन मामले में नया और चौंकाने वाला मोड़ तब आया, जब पुलिस लाइन में तैनात एएसआई अनिल जाखड़ भी वहीं मौजूद मिले। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, एएसआई अनिल जाखड़ कोई और नहीं बल्कि हुक्का बार संचालक जतिन के पिता हैं। छापेमारी के दौरान उन्होंने न सिर्फ पुलिसिया कार्रवाई में व्यवधान डालने की कोशिश की, बल्कि शांति व्यवस्था को भी प्रभावित करने का प्रयास किया। विभाग की छवि धूमिल करने और अपराधियों का साथ देने के आरोप में पुलिस ने एएसआई अनिल जाखड़ को भी हिरासत में ले लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
'
विभागीय जांच शुरू, सख्त एक्शन की तैयारी
'
सस्पेंड पुलिसकर्मी का यह गैर-जिम्मेदाराना और रोंगटे खड़े करने वाला रवैया अब पुलिस महकमे के लिए गले की हड्डी बन गया है। पुलिस अधीक्षक ने इस पूरे घटनाक्रम को बेहद गंभीर माना है और आरोपी एएसआई के खिलाफ विभागीय जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कानून से ऊपर कोई नहीं है, चाहे वह खुद पुलिस विभाग का हिस्सा क्यों न हो। फिलहाल पुलिस इस पूरे रैकेट की गहनता से जांच कर रही है और हुक्का बार संचालन में शामिल अन्य लोगों के खिलाफ भी सख्त कानूनी कदम उठाने की तैयारी में है।
- Posted By:- Abdul Qadir || Date:- 03 June 2026
- Total Views:- 84
