मौहर्रम तैयारियों को लेकर कलेक्टर सभागार में हुई मीटिंग आयोजित,व्यापारिक महासंघ ने सौंपा ज्ञापन, जायरीनों की सुरक्षा व व्यवस्थाओं के लिए दिए महत्वपूर्ण सुझाव
अजमेर, 02 जून 2026। मौहर्रम पर्व की तैयारियों को लेकर जिला कलेक्टर कार्यालय के सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में श्री अजमेर व्यापारिक महासंघ ने अतिरिक्त जिला कलक्टर नरेन्द्र कुमार मीना को जिला कलक्टर के नाम ज्ञापन सौंपकर विभिन्न सुझाव एवं मांगें प्रस्तुत कीं। महासंघ के महासचिव रमेश लालवानी ने बरसात के मौसम को देखते हुए जायरीनों की सुरक्षा के लिए विशेष प्रबंध करने, गोताखोरों एवं बाढ़ बचाव के अनुभवी कर्मचारियों की तैनाती सुनिश्चित करने की मांग की। बैठक में दरगाह कमेटी के नाजिम बिलाल अहमद एवं सहायक नाजिम मोहम्मद आदिल ने मौहर्रम के रीति-रिवाजों, ताजियों के मार्ग, आयोजन तिथियों एवं समय की विस्तृत जानकारी दी। वहीं दरगाह अंजुमन कमेटी के पदाधिकारियों ने भविष्य में मौहर्रम तैयारियों की बैठक कम से कम एक माह पूर्व आयोजित करने का सुझाव रखा। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हिमांशु जांगिड़ ने बताया कि हाईदोस केवल लाइसेंस एवं अनुमति प्राप्त हथियारों के साथ ही खेला जाएगा तथा सुरक्षा व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान रखा जाएगा। महासचिव रमेश लालवानी ने अपने सुझावों में ऑटो एवं ई-रिक्शाओं में निर्धारित क्षमता से अधिक सवारियां बैठाने और अधिक किराया वसूली पर रोक लगाने की मांग की। उन्होंने दरगाह क्षेत्र एवं आसपास के अन्दरकोट, बड़ा बाव, झरनेश्वर महादेव मार्ग, त्रिपोलिया गेट, निजाम गेट, नला बाजार, मदार गेट, गांधी भवन, सिनेमा रोड, डिग्गी चौक, तारागढ़ मार्ग, देहली गेट, लौगिया क्षेत्र, गंज एवं महावीर सर्किल सहित विभिन्न क्षेत्रों में बरसात के दौरान पानी के तेज बहाव को देखते हुए विशेष सुरक्षा प्रबंध करने पर जोर दिया। ज्ञापन में जायरीनों के ठहरने के लिए पक्के एवं स्थायी भवनों, विद्यालयों, धर्मशालाओं, मदरसों एवं रैन बसेरों में व्यवस्था, अस्थायी कैश काउंटर एवं क्लॉक रूम स्थापित करने, नंगे विद्युत तारों को सुरक्षित करने, दरगाह क्षेत्र में अंडरग्राउंड वायरिंग, बाजारों में साफ-सफाई एवं प्रकाश व्यवस्था, व्यापारियों के माल वाहनों के आवागमन के लिए विशेष व्यवस्था, मेला क्षेत्र में नियमित जलापूर्ति, संपर्क सड़कों की मरम्मत, स्थानीय नागरिकों के आवागमन की सुविधा तथा समुचित पेयजल उपलब्ध कराने जैसी मांगें भी शामिल थीं। बैठक में श्री अजमेर व्यापारिक महासंघ के अध्यक्ष महेंद्र बंसल, महासचिव रमेश लालवानी, नला बाजार अध्यक्ष ठाकुर प्रसाद, बदरुद्दीन कुरैशी, ताराशाह नगर संपर्क सड़क समिति के रियाजुद्दीन कुरैशी, चितलेश बंसल सहित एडीए, नगर निगम, बीएसएनएल, टाटा पावर, रोडवेज, रेलवे एवं अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
- Posted By:- Abdul Qadir || Date:- 02 June 2026
- Total Views:- 204
