अजमेर में मानवता को शर्मसार करने वाली घटना,युवक को जूते-चप्पल की माला पहनाकर पिलाया मूत्र, 12 घंटे में 9 आरोपी गिरफ्तार

सम्पादक,अब्दुल क़ादिर,, अजमेर, 17 मई। गेगल थाना क्षेत्र में एक युवक के साथ हुई कथित अमानवीय और खौफनाक घटना का पुलिस ने 12 घंटे में खुलासा करते हुए मुख्य आरोपियों सहित कुल 9 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने युवक का अपहरण कर उसके साथ मारपीट की, जूते-चप्पलों की माला पहनाई, जबरन मूत्र पिलाया और बाल काट दिए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दहशत फैलाने का प्रयास भी किया गया। क्या है पूरा मामला
पुलिस के अनुसार 16 मई 2026 को सुबह करीब 9 बजे जीतू नाथ कालबेलिया (21) निवासी बबायचा, गेगल अपने ठेकेदार रफीक मोहम्मद के साथ गगवाना क्षेत्र में खेत पर लकड़ी काटने का कार्य कर रहा था। इसी दौरान एक पिकअप वाहन में सवार होकर कुछ लोग मौके पर पहुंचे। आरोप है कि रविन्द्र नाथ, रामदेव नाथ, प्रकाश नाथ, रामलाल, हेमराज नाथ और अन्य लोगों ने जीतू के साथ मारपीट की और जबरन वाहन में डालकर बीर (श्रीनगर) ले गए। बीर में की क्रूरता
पीड़ित के अनुसार बीर पहुंचने के बाद उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई। आरोपियों ने उसे जूते-चप्पलों की माला पहनाई तथा उसके बाल काट दिए। रिपोर्ट के अनुसार सुगना देवी पत्नी रामदेव नाथ ने कथित तौर पर उसे जबरन मूत्र भी पिलाया। साथ ही सामाजिक विवाद के नाम पर 5 लाख रुपये की मांग करते हुए धमकी दी गई कि रकम नहीं दिलाने पर और गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। 12 घंटे में 9 आरोपी गिरफ्तार पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. लालचन्द कायल एवं रामचन्द्र के सुपरविजन में गेगल थानाधिकारी नरपतराम बाना के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। नसीराबाद, श्रीनगर थाना, डीएसटी और साइबर सेल की टीमों ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 12 घंटे के भीतर 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी
प्रकाश नाथ पुत्र सुरम नाथ (23), निवासी गेगल
रविन्द्र नाथ पुत्र रामदेव नाथ (25), निवासी इन्द्रा कॉलोनी बीर
रामलाल पुत्र कैलाश नाथ (23), निवासी इन्द्रा कॉलोनी बीर
हेमराज नाथ पुत्र धन्ना नाथ (24), निवासी नेहरू नगर कल्याणीपुरा
विक्रम नाथ पुत्र रामदेव नाथ (20), निवासी इन्द्रा कॉलोनी बीर
देवीलाल पुत्र सोनू नाथ (43), निवासी इन्द्रा कॉलोनी बीर
गौरू नाथ पुत्र अमर नाथ (22), निवासी नेहरू नगर कल्याणीपुरा
शायरी पत्नी स्व. कामनाथ (70), निवासी इन्द्रा कॉलोनी बीर
सुगना देवी पत्नी रामदेव नाथ (43), निवासी इन्द्रा कॉलोनी बीर
मामला प्रकरण संख्या 101/2026 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं में दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि अन्य लोगों की संलिप्तता तथा वीडियो वायरल करने वालों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

+