गौरा गरीबां कब्रिस्तान में लगातार चोरी की घटनाओं से क्षेत्रवासियों में रोष, पुलिस से कार्रवाई की मांग
अजमेर। स्थानीय गौरा गरीबां समिति, अजमेर ने क्षेत्र में स्थित मुस्लिम समाज के ऐतिहासिक गौरा गरीबां कब्रिस्तान में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को लेकर गहरी चिंता व्यक्त की है। समिति ने पुलिस प्रशासन को शिकायत सौंपकर असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई तथा क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। समिति के सदस्य मोहम्मद नजीर कादरी के अनुसार कब्रिस्तान परिसर में श्रद्धालुओं एवं आमजन की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कई बार हेलोजीन लाइटें, बिजली के खंभे एवं अन्य प्रकाश व्यवस्था करवाई गई थी, ताकि रात के समय पर्याप्त रोशनी बनी रहे। लेकिन पिछले काफी समय से कुछ असामाजिक तत्व लगातार इन लाइटों को चोरी कर रहे हैं। हाल ही में एक बार फिर कब्रिस्तान परिसर में लगी हेलोजीन लाइटों को चोरों द्वारा चोरी कर लिया गया। इतना ही नहीं, इस बार चोर बिजली के तार भी काटकर अपने साथ ले गए, जिससे समिति को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा और पूरे परिसर में अंधेरा छा गया। इससे सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो गए हैं। समिति ने बताया कि दरगाह संपर्क सड़क पर लगे बिजली के खंभे से भी लाइट गायब पाई गई है। आरोप है कि चोर सीढ़ी लगाकर खंभों पर चढ़ते हैं और योजनाबद्ध तरीके से चोरी की वारदातों को अंजाम देते हैं। लगातार हो रही इन घटनाओं से क्षेत्रवासियों एवं समिति सदस्यों में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है। समिति ने यह भी बताया कि पूर्व में कब्रिस्तान परिसर में रखी पेड़ों की लकड़ी, पानी के नल सहित कई अन्य उपयोगी वस्तुएं भी चोरी हो चुकी हैं। कब्रिस्तान एक धार्मिक एवं संवेदनशील स्थल होने के कारण इस प्रकार की घटनाएं सामाजिक सौहार्द को भी प्रभावित कर सकती हैं। स्थानीय गौरा गरीबां समिति ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कानूनी कार्रवाई की जाए, क्षेत्र में नियमित पुलिस गश्त बढ़ाई जाए तथा संदिग्ध व्यक्तियों पर निगरानी रखी जाए। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की भी मांग की गई है।
- Posted By:- Abdul Qadir || Date:- 17 May 2026
- Total Views:- 64
