NEET-2026 पेपर लीक घोटाले के खिलाफ कांग्रेस का हल्ला बोल, कलेक्ट्रेट पर किया उग्र प्रदर्शन,शिक्षा मंत्री का किया पुतला दहन,
अजमेर,13 मई,देश की सबसे महत्वपूर्ण मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET-2026 में हुए पेपर लीक और परीक्षा घोटाले के विरोध में आज6 राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर अजमेर में जबरदस्त जनाक्रोश देखने को मिला। किशनगढ़ विधायक एवं जिला कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. विकास चौधरी के नेतृत्व में हजारों कांग्रेस कार्यकर्ताओं, छात्र नेताओं, अभ्यर्थियों एवं अभिभावकों ने जिला कलेक्ट्रेट का घेराव कर केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने “युवा विरोधी मोदी सरकार मुर्दाबाद”, “पेपर लीक बंद करो”, “NTA खत्म करो”, और “22 लाख छात्रों के भविष्य के गुनहगार जवाब दो” जैसे नारों से पूरे क्षेत्र को गुंजायमान कर दिया। इस दौरान केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का प्रतीकात्मक पुतला दहन कर केंद्र सरकार के प्रति तीव्र आक्रोश व्यक्त किया गया।
*मोदी सरकार ने युवाओं का भविष्य नीलाम कर दिया - डॉ. विकास चौधरी*
मीडिया को संबोधित करते हुए विधायक डॉ. विकास चौधरी ने कहा कि यह केवल एक परीक्षा में गड़बड़ी नहीं, बल्कि देश के लाखों युवाओं के सपनों, मेहनत और विश्वास की हत्या है। उन्होंने कहा कि लगभग 22 लाख छात्रों ने वर्षों की कठिन मेहनत, मानसिक तनाव और आर्थिक संघर्ष के बाद NEET-2026 परीक्षा दी, लेकिन केंद्र सरकार और नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) की नाकामी ने पूरी परीक्षा प्रणाली को मजाक बनाकर रख दिया।
उन्होंने आरोप लगाया कि वर्ष 2024 में भी NEET पेपर लीक हुआ था, पूरे देश में हंगामा हुआ था, जांच एजेंसियों ने गड़बड़ियों की पुष्टि की थी, फिर भी केंद्र सरकार ने सबक लेने के बजाय उसी बदनाम और विवादित तंत्र को जारी रखा। सवाल यह है कि जब एजेंसियों की भूमिका संदिग्ध थी तो उन्हें ब्लैकलिस्ट क्यों नहीं किया गया? दोषियों पर कार्रवाई क्यों नहीं हुई? आखिर किसके संरक्षण में शिक्षा माफिया देश के युवाओं का भविष्य बेच रहा है?
डॉ. चौधरी ने कहा कि भाजपा सरकार केवल भाषणों में “न्यू इंडिया” की बात करती है, लेकिन जमीन पर युवाओं को बेरोजगारी, पेपर लीक और भ्रष्टाचार का “धोखा मॉडल” दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आज देश का युवा पूछ रहा है - क्या मेहनत करने का कोई मतलब बचा है, जब परीक्षा से पहले ही पेपर बिक जाते हैं?
भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा शासन में देश की लगभग हर बड़ी भर्ती परीक्षा और प्रतियोगी परीक्षा संदेह के घेरे में आ चुकी है। कभी रेलवे भर्ती, कभी पुलिस भर्ती, कभी शिक्षक भर्ती और अब मेडिकल प्रवेश परीक्षा - हर जगह भ्रष्टाचार और लीक का खेल चल रहा है।
डॉ विकास चौधरी ने कहा कि:
• केंद्र सरकार शिक्षा व्यवस्था को निजी माफियाओं और दलालों के हाथों में सौंप चुकी है।
• NTA पूरी तरह विफल संस्था साबित हुई है।
• बार-बार पेपर लीक होना केवल “लापरवाही” नहीं बल्कि “संगठित भ्रष्टाचार” है।
• सरकार युवाओं को रोजगार देने में असफल रही, अब उनकी परीक्षाएं भी सुरक्षित नहीं रख पा रही।
• करोड़ों रुपए कोचिंग और तैयारी में खर्च करने वाले मध्यमवर्गीय परिवार बर्बाद हो रहे हैं।
• भाजपा सरकार शिक्षा को अवसर नहीं बल्कि व्यापार बना चुकी है।
डॉ. विकास चौधरी ने केंद्र सरकार से निम्न मांगें रखीं-
* केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए तुरंत इस्तीफा दें।
* NEET-2026 परीक्षा की पूरी प्रक्रिया की सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में निष्पक्ष जांच करवाई जाए।
* बार-बार विफल हो रही नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) को तत्काल भंग किया जाए।
* पेपर लीक में शामिल शिक्षा माफियाओं, अधिकारियों और राजनीतिक संरक्षण देने वालों को गिरफ्तार कर कठोर कार्यवाही की जाए।
* सभी अभ्यर्थियों को न्याय देने के लिए परीक्षा दोबारा करवाई जाए तथा छात्रों को मानसिक एवं आर्थिक क्षति का मुआवजा दिया जाए।
* NTA के उन सभी अधिकारियों की तुरंत जांच हो जो पेपर प्रिंटिंग, सुरक्षा और वितरण प्रक्रिया से जुड़े थे।
* कॉल रिकॉर्ड, डिजिटल ट्रांजैक्शन और एजेंसी कॉन्ट्रैक्ट सार्वजनिक किए जाएं।
* पेपर छापने वाली एजेंसियों और सुरक्षा प्रबंधन करने वाली कंपनियों की भूमिका की न्यायिक जांच हो।
“युवाओं का गुस्सा अब सड़कों पर है”, प्रदर्शनकारियों ने कहा कि यदि केंद्र सरकार ने जल्द जवाब नहीं दिया तो यह आंदोलन पूरे राजस्थान और देशभर में उग्र रूप लेगा। छात्रों ने कहा कि वे अब चुप नहीं बैठेंगे और अपने भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वालों को लोकतांत्रिक तरीके से जवाब देंगे।
कांग्रेस का स्पष्ट संदेश-
“देश का युवा अब भाजपा सरकार की झूठी घोषणाओं और खोखले वादों से भ्रमित नहीं होगा। जो सरकार बच्चों के भविष्य की रक्षा नहीं कर सकती, उसे सत्ता में बने रहने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है।”
NTA की भूमिका सबसे बड़े सवालों के घेरे में - आखिर जिम्मेदार अधिकारी अब तक गिरफ्तार क्यों नहीं?
कांग्रेस नेताओं ने अपने संबोधन में कहा कि जब NEET-2026 जैसी देश की सबसे संवेदनशील परीक्षा का पूरा संचालन नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) की निगरानी में हुआ, पेपर छपाई से लेकर वितरण और परीक्षा प्रबंधन तक की जिम्मेदारी NTA और उससे जुड़ी एजेंसियों की थी, तो पेपर लीक होने के बाद अब तक NTA के किसी बड़े अधिकारी की गिरफ्तारी क्यों नहीं हुई?
नेताओं ने आरोप लगाया कि यह केवल “सिस्टम फेलियर” नहीं बल्कि “सिस्टम की मिलीभगत” का मामला प्रतीत होता है। यदि पेपर सुरक्षित था तो वह परीक्षा से पहले बाजार तक कैसे पहुंचा? किसके संरक्षण में पेपर माफिया सक्रिय रहे? आखिर कौन लोग हैं जिन्होंने लाखों छात्रों के भविष्य को पैसे के लिए बेच दिया?
कांग्रेस ने कहा कि जब भी कोई छोटा कर्मचारी या कोचिंग सेंटर पकड़ा जाता है, तब सरकार उसे दिखाकर अपनी जिम्मेदारी से बचने का प्रयास करती है, लेकिन असली सवाल यह है कि जिन अधिकारियों की निगरानी में प्रश्नपत्र छपा, पैक हुआ, ट्रांसपोर्ट हुआ और परीक्षा केंद्रों तक पहुंचा - उन अधिकारियों से अब तक कठोर पूछताछ क्यों नहीं हुई?
यह भी सवाल उठाया गया कि वर्ष 2024 में पेपर लीक और धांधली के गंभीर आरोप सामने आने के बाद भी केंद्र सरकार ने NTA की कार्यप्रणाली में कोई बड़ा सुधार क्यों नहीं किया? जिन एजेंसियों और अधिकारियों पर संदेह था, उन्हें ब्लैकलिस्ट क्यों नहीं किया गया? क्या भाजपा सरकार कुछ बड़े लोगों को बचाने का प्रयास कर रही है?
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि देश का युवा अब “जांच के नाम पर लीपापोती” नहीं बल्कि सीधे जवाब चाहता है। यदि सरकार ईमानदार है तो NTA अधिकारियों की जवाबदेही तय करे, अन्यथा यह माना जाएगा कि शिक्षा माफिया और सत्ता के बीच गहरी सांठगांठ है।
कार्यक्रम में विधायक विकास चौधरी के साथ विधायक विकास चौधरी, डेयरी अध्यक्ष रामचंद्र चौधरी, पूर्व मंत्री नसीम अख्तर, पूर्व विधायक रामनारायण गुर्जर, नसीराबाद विधानसभा प्रत्याशी शिव प्रकाश गुर्जर, सौरभ बजाड, मोहित खंडेलवाल, संजय जोशी, शैलेंद्र अग्रवाल, वाहिद मोहम्मद, लक्ष्मी धौलखेड़िया, चंदन सिंह, मनीष सेन, सुमित मित्तल, जीवन भाकर, जगदीश कुर्डिया राजनारायण असोपा, अशोक गुर्जर, सुनील लारा, जगदीश चौधरी, अंकित घारू, प्रदर्शन में अजमेर देहात कांग्रेस से प्रमुखनेता -कार्यकर्ता शामिल हुए।
- Posted By:- Abdul Qadir || Date:- 13 May 2026
- Total Views:- 51
