217वें उर्स पर दरगाह शरीफ में अकीदतमंदों की भीड़, अमन-चैन की मांगी दुआ
बदरुद्दीन कुरैशी जयपुर, 10 मई। राजधानी जयपुर स्थित दरगाह शरीफ हजरत मौलाना जियाउद्दीन साहब में 217वें उर्स के मौके पर शनिवार को अकीदतमंदों की भारी भीड़ उमड़ी। दरगाह शरीफ को विशेष रूप से सजाया गया और पूरे दिन फातिहा, कुरआनखानी तथा दुआओं का सिलसिला चलता रहा। उर्स के अवसर पर प्रदेश की खुशहाली, आपसी भाईचारे और देश में अमन-चैन की दुआएं मांगी गईं। इस मौके पर राजस्थान स्टेट हज कमेटी, राजस्थान सरकार के निवर्तमान मेंबर अब्दुल हकीम खान ने दरगाह शरीफ पहुंचकर चादर और अकीदत के फूल पेश किए। उन्होंने कहा कि सूफी संतों की दरगाहें हमेशा से प्रेम, इंसानियत और भाईचारे का संदेश देती रही हैं। ऐसे धार्मिक आयोजन समाज को जोड़ने का काम करते हैं और लोगों के दिलों में मोहब्बत पैदा करते हैं। दरगाह शरीफ की ओर से मोईन मियां साहब ने दस्तारबंदी कर उनका इस्तकबाल किया तथा मुल्क और प्रदेश की तरक्की के लिए विशेष दुआ कराई। उन्होंने कहा कि उर्स केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि इंसानियत और सूफी परंपरा को आगे बढ़ाने का माध्यम है। उर्स के दौरान दरगाह परिसर में जायरीन के लिए विशेष इंतजाम किए गए। दूर-दराज से पहुंचे लोगों ने दरगाह पर हाजिरी देकर अपनी मुरादें मांगीं। शाम के समय महफिल-ए-समा और नात-ख्वानी का आयोजन भी हुआ, जिसमें अकीदतमंद देर रात तक शामिल रहे। कार्यक्रम में शशिकांत शर्मा, वसीम खान, आसिफ खान सहित कई गणमान्य लोग और बड़ी संख्या में जायरीन मौजूद रहे।
- Posted By:- Abdul Qadir || Date:- 12 May 2026
- Total Views:- 26
