विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने अधिकारियों संग किया तारागढ़ किले का निरीक्षण, तारागढ़ दरगाह मीरां सैयद हुसैन के खादिमों ने किया स्वागत,

अब्दुल क़ादिर
अजमेर। राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने आज अधिकारियों के साथ तारागढ़ किला पहुंचकर विकास कार्यों एवं पर्यटन संभावनाओं का जायजा लिया। राज्य सरकार की बजट घोषणा के अनुरूप ऐतिहासिक तारागढ़ किले को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने की दिशा में प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। निरीक्षण के दौरान विधानसभा अध्यक्ष ने किले में प्रस्तावित विकास कार्यों, आधारभूत सुविधाओं, सौंदर्यकरण, विरासत संरक्षण तथा पर्यटकों के लिए आधुनिक सुविधाएं विकसित करने को लेकर संबंधित अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किले की ऐतिहासिक पहचान को अक्षुण्ण रखते हुए इसे विश्वस्तरीय पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाए। वासुदेव देवनानी ने कहा कि तारागढ़ केवल एक किला नहीं बल्कि अजमेर की ऐतिहासिक गौरवगाथा और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है। इसका विकास होने से न केवल पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार और आर्थिक गतिविधियों में भी वृद्धि होगी। निरीक्षण के दौरान किले तक पहुंच मार्ग, प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध, पार्किंग, स्वच्छता, पर्यटक सुविधाएं और सूचना संकेतकों को बेहतर बनाने पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों ने बताया कि परियोजना के तहत विरासत संरक्षण को प्राथमिकता देते हुए आधुनिक सुविधाओं का विकास किया जाएगा। इस मौके पर जिला कलेक्टर लोक बंधु, पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला, अजमेर विकास प्राधिकरण की आयुक्त के. नित्या, एडीएम सिटी नरेंद्र कुमार मीणा, दरगाह थाना प्रभारी दिनेश जीवनानी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। तारागढ़ किले के विकास को अजमेर पर्यटन के लिए एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जिससे शहर की ऐतिहासिक धरोहर को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिल सकेगी।

+