दक्षिण अफ्रीका में आदमखोर मगरमच्छ के पेट से मिले इंसानी अवशेष,लापता कारोबारी की तलाश में पुलिस को मिला चौंकाने वाला सुराग, डीएनए जांच जारी

अब्दुल कादर
दक्षिण अफ्रीका में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां लापता कारोबारी की तलाश के दौरान पुलिस ने एक विशाल मगरमच्छ को मारकर उसके पेट की जांच की और उसमें इंसानी अवशेष मिलने से सनसनी फैल गई।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, 59 वर्षीय कारोबारी गेब्रियल बतिस्ता 28 अप्रैल से लापता थे। आशंका जताई जा रही है कि वह अपनी कार के साथ बाढ़ के तेज बहाव में उस समय बह गए थे, जब वह कोमाटी नदी पर बने एक नीची पुलिया को पार करने की कोशिश कर रहे थे। उनकी कार अगले दिन नदी से बरामद हुई थी।
पुलिस ने चार दिनों तक ड्रोन की मदद से नदी में मौजूद एक विशाल मगरमच्छ पर नजर रखी। शक गहराने पर करीब 15 फुट लंबे और लगभग 500 किलो वजनी मगरमच्छ को मार गिराया गया। बाद में हेलीकॉप्टर की सहायता से उसे बाहर निकालकर क्रूगर नेशनल पार्क ले जाया गया, जहां उसकी जांच की गई।
जांच में मगरमच्छ के पेट से इंसानी शरीर के हिस्से, जिनमें दो कटे हुए हाथ, पसलियों का हिस्सा और सीने का मांस शामिल है, बरामद हुए। इसके अलावा एक अंगूठी भी मिली है, जिसे लापता कारोबारी की बताई जा रही है।
अधिकारियों के अनुसार, अवशेषों की पहचान सुनिश्चित करने के लिए डीएनए जांच कराई जा रही है।
इस ऑपरेशन में शामिल अधिकारियों ने बताया कि मगरमच्छ के बेहद खतरनाक होने के कारण कार्रवाई काफी जोखिमभरी थी। हेलीकॉप्टर की मदद से मगरमच्छ को बाहर निकालने के बाद कई एजेंसियों की टीम ने संयुक्त रूप से जांच की।
इस सनसनीखेज घटना ने इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है और जंगली क्षेत्रों में सतर्कता बरतने की आवश्यकता को फिर उजागर किया है।

+