मध्य प्रदेश के रतलाम जिले के शासकीय विद्यालयों में बढ़ते “बर्थडे कल्चर” पर अब जिला शिक्षा अधिकारी ने सख्ती दिखाते हुए रोक लगाने के निर्देश जारी

अब्दुल कादर
मध्य प्रदेश के रतलाम जिले के शासकीय विद्यालयों में बढ़ते “बर्थडे कल्चर” पर अब जिला शिक्षा अधिकारी ने सख्ती दिखाते हुए रोक लगाने के निर्देश जारी किए हैं
रतलाम जिले से इस संबंध में जिला शिक्षा अधिकारी, रतलाम द्वारा 9 अप्रैल 2026 को समस्त शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय एवं हाईस्कूल के प्राचार्यों को आदेश जारी किया गया है।
जारी निर्देश में बताया गया है कि विधायक सैलाना श्री कमलेश्वर डोडियार के आवेदन के आधार पर यह निर्णय लिया गया है। आवेदन में उल्लेख किया गया था कि विद्यालय समय के दौरान शिक्षक एवं स्टाफ द्वारा जन्मदिन जैसे गैर-शैक्षणिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिससे पढ़ाई का समय प्रभावित हो रहा है और शिक्षण कार्य बाधित हो रहा है।
आदेश में यह भी रेखांकित किया गया है कि शासकीय विद्यालयों में पढ़ने वाले अधिकांश विद्यार्थी आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग से आते हैं। ऐसे में इस प्रकार के आयोजनों से विद्यार्थियों पर अनावश्यक सामाजिक और मानसिक दबाव पड़ता है, जो उनके लिए प्रतिकूल हो सकता है।
जिला शिक्षा अधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि विद्यालय परिसर में अध्ययन समय के दौरान किसी भी प्रकार की गैर-शैक्षणिक गतिविधियां, विशेषकर जन्मदिन समारोह, आयोजित नहीं किए जाएं। सभी प्राचार्यों को निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को कहा गया है।
इस आदेश की प्रतिलिपि कलेक्टर रतलाम, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी तथा जनजातीय कार्य विभाग को भी सूचनार्थ भेजी गई है। प्रशासन के इस फैसले को शिक्षा व्यवस्था में अनुशासन और शैक्षणिक वातावरण को बेहतर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

+