प्राथमिक अध्यापक संघ (लेवल प्रथम) ने जिला कलेक्टर महोदय अजमेर को सौंपा ज्ञापन, चरणबद्ध आंदोलन का आगाज
राजस्थान सरकार से मान्यता प्राप्त प्राथमिक अध्यापक संघ (लेवल प्रथम) राजस्थान के बैनर तले आज अजमेर उपखंड मुख्यालय पर शिक्षकों ने अपनी विभिन्न ज्वलंत मांगों को लेकर प्रदेशव्यापी आह्वान पर जिला कलक्टर महोदय अजमेर को मुख्यमंत्री महोदय के नाम ज्ञापन सौंपा।
राजेन्द्र प्रसाद सुनारीवाल प्रदेश समन्वयक ने बताया कि शिक्षक लंबे समय से अपनी जायज मांगों को लेकर संघर्षरत हैं, लेकिन सरकार की ओर से अभी तक कोई सकारात्मक कदम नहीं उठाया गया है। इसी के विरोध में आज 'चरणबद्ध आंदोलन कार्यक्रम' की शुरुआत करते हुए ज्ञापन दिया गया।
साथ ही बताया कि वर्ष 2018 के बाद से अध्यापक (लेवल प्रथम) संवर्ग के स्थानांतरण नहीं किए जा रहे हैं। जबकि अध्यापक (लेवल प्रथम) लगभग 150000 संख्या का सबसे बड़ा कैडर है जिसकी अनदेखी की जा रही है।
विक्रम सिंह चौधरी अजमेर जिला कोषाध्यक्ष ने बताया कि आजादी 78 वर्ष बाद भी राजस्थान शिक्षा विभाग में प्रोफेशनल डिप्लोमा आधार पर भर्ती अध्यापक (लेवल प्रथम) एक मात्र संवर्ग जिसमें अनुभव और वरिष्ठता आधारित पदोन्नति का प्रावधान नहीं है, जबकि राजस्थान सरकार के सभी संवर्गों में प्रोफेशनल डिप्लोमा आधार पर भर्ती कार्मिकों को अनुभव और वरिष्ठता आधारित पदोन्नति दी जाती है तथा किसी प्रकार की प्रोफेशनल ग्रेजुएट डिग्री की अनिवार्यता नहीं है। लेकिन अध्यापक (लेवल प्रथम) के लिए प्रोफेशनल ग्रेजुएट डिग्री (बीएड) की अनिवार्यता कर रखी है। इस कारण अध्यापक (लेवल प्रथम) एक ही पद पूरी सेवा करके सेवानिवृत हो जाते हैं।
शिक्षक संघ की प्रमुख मांगें:
ज्ञापन में निम्नलिखित चार मुख्य मांगों पर जोर दिया गया है:
1. पदोन्नति: अध्यापक लेवल प्रथम की शीघ्र अनुभव आधारित पदोन्नति की जाए।
2. वेतन कटौती: बी.एड. इंटर्नशिप के दौरान वेतन कटौती के आदेश को तुरंत समाप्त किया जाए।
3. तबादले: तृतीय श्रेणी शिक्षकों के स्थानांतरण (Transfers) की प्रक्रिया शीघ्र शुरू कर उन्हें राहत दी जाए।
4. अवकाश बहाली: अवकाश कटौती के आदेश में संशोधन कर पुरानी व्यवस्था को बहाल किया जाए।
शिक्षक-शिक्षिकाओं की रही भारी मौजूदगी
ज्ञापन सौंपने के दौरान अजमेर जिले के बड़ी संख्या में शिक्षक एवं शिक्षिकाएं उपस्थित रहे। शिक्षकों ने एकजुटता दिखाते हुए कहा कि यदि सरकार इन मांगों पर शीघ्र विचार नहीं करती है, तो संगठन अपनी पूर्व घोषित टाइमलाइन के अनुसार आंदोलन को और उग्र करेगा।
इस अवसर पर अजमेर जिले के विक्रम सिंह चौधरी कोषाध्यक्ष, राहुल बानियां, लाल सिंह मीणा, दुर्गा प्रसाद मीणा, श्रीमती संतोष शर्मा जयचंद सुनारीवाल,मनु माहेश्वरी आदि शिक्षक मौजूद रहे।
- Posted By:- Abdul Qadir || Date:- 09 April 2026
- Total Views:- 23
