अजमेर में सियासी गर्मी: आपत्तिजनक टिप्पणी मामले में जमानत पर बवाल, भाजपा का प्रदर्शन
विजय यादव
अजमेर | 2 मई 2026
अजमेर में एक सोशल मीडिया टिप्पणी को लेकर सियासी माहौल गरमा गया है। कांग्रेस से जुड़े पदाधिकारी पियूष सुराणा को जमानत मिलने के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कड़ा विरोध जताते हुए प्रदर्शन किया और मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की।
जानकारी के अनुसार, पियूष सुराणा पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के खिलाफ फेसबुक पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने का आरोप है। इस मामले में भाजपा की शिकायत पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 79 और आईटी एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेजा था। हाल ही में उन्हें अदालत से जमानत मिल गई।
जमानत के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं में आक्रोश देखने को मिला। भाजपा जिला मीडिया संयोजक विक्रम सिंह के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट परिसर में एकत्र होकर विरोध प्रदर्शन किया और “नारी के सम्मान में, भाजपा मैदान में” के नारे लगाए।
भाजपा जिला अध्यक्ष रमेश सोनी ने कहा कि यह मामला महिलाओं के सम्मान से जुड़ा है और पार्टी इसे कानूनी रूप से आगे बढ़ाएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस इस मुद्दे पर दोहरी नीति अपना रही है।
वहीं, भाजपा नेताओं ने कहा कि इस तरह की आपत्तिजनक भाषा न केवल व्यक्तिगत अपमान है, बल्कि समाज में महिलाओं के प्रति गलत संदेश भी देती है। उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
इस दौरान मौके पर कई भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। पुलिस प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और फिलहाल क्षेत्र में शांति बनी हुई है।
- Posted By:- Abdul Qadir || Date:- 03 May 2026
- Total Views:- 54
