स्याही कांड में बड़ा एक्शन: हिरासत में सुराणा पर स्याही फेंकने पर थाना प्रभारी सहित पुलिसकर्मी लाइन हाज़िर
बदरुद्दीन कुरैशी, अजमेर,1मई। कांग्रेस के सोशल मीडिया प्रकोष्ठ के पदाधिकारी पीयूष सुराणा पर थाने में हिरासत के दौरान स्याही फेंकने के मामले में अब बड़ा प्रशासनिक एक्शन सामने आया है। पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला ने इस घटना को गंभीर चूक मानते हुए गंज थाना प्रभारी महावीर सिंह, हेड कांस्टेबल प्रभात कुमार सहित संबंधित एएसआई को लाइन हाजिर कर दिया है। गौरतलब है कि सोशल मीडिया पोस्ट विवाद में गिरफ्तार किए गए सुराणा को गंज थाने में रखा गया था। इसी दौरान भाजपा महिला मोर्चा से जुड़ी पदाधिकारी थाने में पहुंचीं और पुलिस हिरासत के बीच ही सुराणा पर स्याही फेंक दी। इस घटना ने पुलिस सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए। पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई की और जिम्मेदार पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया। विभागीय स्तर पर भी मामले की जांच की जा रही है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि सुरक्षा में चूक कैसे हुई। उधर, इस पूरे घटनाक्रम को लेकर पहले ही दोनों पक्षों की ओर से मुकदमे दर्ज किए जा चुके हैं और मामले की जांच जारी है।
- Posted By:- Abdul Qadir || Date:- 01 May 2026
- Total Views:- 131
