भारत को कोहिनूर हीरा वापस लौटा दे ब्रिटेन', न्यूयॉर्क के मेयर ममदानी की किंग चार्ल्स से अपील
सम्पादक-अब्दुल क़ादिर
30 अप्रैल, न्यूयार्क
ब्रिटेन के राजा किंग चार्ल्स III और क्वीन कैमिला इन दिनों अमेरिका के आधिकारिक दौरे पर हैं। बुधवार को जब वे न्यूयॉर्क में 11 सितंबर के हमलों की 25वीं बरसी के उपलक्ष्य में 'वन वर्ल्ड ट्रेड सेंटर' पहुंचे, तो वहां उनकी मुलाकात न्यूयॉर्क के मेयर जोहरान ममदानी से हुई।
आमतौर पर ऐसी मुलाकातें केवल औपचारिकताओं और प्रोटोकॉल तक सीमित रहती हैं, लेकिन मेयर जोहरान ममदानी ने एक ऐसा बयान दिया है, जिसने भारत और ब्रिटेन के बीच लंबे समय से चल रहे एक ऐतिहासिक विवाद को फिर से चर्चा में ला दिया है। उन्होंने साफ कहा कि अगर उन्हें ब्रिटेन के राजा राजा चार्ल्स तृतीय से व्यक्तिगत तौर पर मिलने का मौका मिलता है, तो वे उनसे कोहिनूर हीरा भारत को लौटाने की मांग करेंगे।
'कोहिनूर सिर्फ एक हीरा नहीं, बल्कि भारत का इतिहास'
बुधवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान जब मेयर ममदानी से पूछा गया कि वे राजा से क्या कहेंगे, तो उन्होंने बिना किसी औपचारिक बात के सीधे इस मुद्दे को उठाया। उनका कहना था कि कोहिनूर सिर्फ एक हीरा नहीं, बल्कि भारत के इतिहास, गौरव और ब्रिटिश शासन के दौरान हुए अन्याय का प्रतीक है।
जोहरान ममदानी का भारत से गहरा संबंध है। उनकी मां प्रसिद्ध फिल्म निर्माता मीरा नायर हैं, जिनका जन्म भारत में हुआ था। बताते चलें कि किंग चार्ल्स और क्वीन कैमिला न्यूयॉर्क के 9/11 मेमोरियल में श्रद्धांजलि देने पहुंचे थे। इस दौरान मम्दानी, न्यूयॉर्क और न्यू जर्सी के गवर्नरों के साथ वहां मौजूद थे।
कोहिनूर हीरे का इतिहास
कोहिनूर हीरा भारत की गोलकोंडा खदानों से निकला था और सदियों तक मुगल और सिख शासकों के पास रहा। 1849 में दूसरे एंग्लो-सिख युद्ध के बाद, अंग्रेजों ने 10 वर्षीय महाराजा दलीप सिंह से एक संधि के तहत यह हीरा छीन लिया था। वर्तमान में यह 105.6 कैरेट का हीरा ब्रिटिश राजमुकुट का हिस्सा है और 'टावर ऑफ लंदन' में रखा गया है।
(Times now, नव भारत )
- Posted By:- Abdul Qadir || Date:- 30 April 2026
- Total Views:- 110
