सलूंबर में बच्चों की मौत पर सरकार को घेरा, EWS सरलीकरण में धर्मेंद्र राठौड़ की भूमिका को सराहा, महिला आरक्षण पर भाजपा पर साधा निशाना: टीकाराम जूली

अजमेर, 26 अप्रेल । राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने अजमेर दौरे के दौरान सलूंबर में आदिवासी परिवारों के बच्चों की मौतों को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार आमजन के प्रति संवेदनहीन बनी हुई है। उन्होंने कहा कि 15 से 20 बच्चों की मौत के बावजूद पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए और अस्पतालों में स्टाफ की भारी कमी बनी हुई है। जूली ने EWS आरक्षण को लेकर कहा कि 2029 में कांग्रेस सरकार बनने पर इसे और सरल बनाकर सभी पात्र लोगों को लाभ दिलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के कार्यकाल में EWS आरक्षण को सरलीकरण के साथ लागू किया गया, जिसमें धर्मेंद्र राठौड़ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उन्होंने कहा कि सामान्य वर्ग के हितों की रक्षा में कांग्रेस की प्रतिबद्धता आगे भी कायम रहेगी। महिला आरक्षण बिल पर जूली ने कहा कि महिलाओं को आरक्षण देने की प्रतिबद्धता कांग्रेस की पुरानी सोच रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा महिलाओं को गुमराह कर रही है और परिसीमन व जनगणना से जोड़कर आरक्षण लागू करने में देरी की जा रही है। जूली ने कहा कि कांग्रेस बिना देरी महिला आरक्षण लागू करने के पक्ष में है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सामाजिक न्याय, संविधान और वंचित वर्गों के अधिकारों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। अजमेर पहुंचने पर जूली का आरटीडीसी के पूर्व अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह राठौड़, शहर कांग्रेस अध्यक्ष राजकुमार जयपाल, सुनील लारा, शैलेंद्र अग्रवाल, नोरत गुर्जर, आरिफ खान, रुस्तम घोसी सहित कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से स्वागत किया।

+