अजमेर में पक्षियों के लिए परिण्डे वितरण,जीवों पर दया को बताया परमात्मा से सच्चा प्रेम
अजमेर, 25 अप्रैल 2026। सृष्टि के समस्त जीव-जंतुओं पर दया करना ही परमात्मा से सच्चा प्रेम है और सभी प्राणियों को बनाने वाला एक ही परम पिता परमात्मा है—उसे चाहे रब कहें, अल्लाह, वाहेगुरु, भगवान, गॉड, खुदा या मालिक, सभी एक ही शक्ति के नाम हैं। ये विचार राजावीर आश्रम के महंत टहलगिरी गोस्वामी ने व्यक्त किए। वे श्री अजमेर व्यापारिक महासंघ के तत्वावधान में मायाणी अस्पताल परिसर और राजावीर बाजार में पक्षियों के लिए पानी के परिण्डे रखने, उनमें पानी भरने और परिण्डे वितरण कार्यक्रम के दौरान संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में राजावीर बाजार के संरक्षक एवं महासंघ के संस्थापक व महासचिव रमेश लालवानी ने जानकारी देते हुए बताया कि इस पहल का उद्देश्य गर्मी के मौसम में पक्षियों को राहत पहुंचाना है। संयोजक किशोर मंगलानी ने बताया कि पक्षियों के लिए निःशुल्क परिण्डे मायाणी अस्पताल परिसर स्थित उनके कार्यालय “साहेबा मेडिकोज” से कभी भी प्राप्त किए जा सकते हैं। अजमेर जिला केमिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं महासंघ के कार्यकारी अध्यक्ष राजेन्द्र मूरजानी ने बताया कि वैशाली नगर, चौधरी कॉलोनी स्थित रामेश्वरम मंदिर से भी निःशुल्क परिण्डे उपलब्ध हैं। नवाब का बेड़ा व्यापारिक एसोसिएशन के विशनदास वासवानी ने इस पहल को पुण्य कार्य बताते हुए कहा कि जीवों पर दया करना मानवता का सर्वोच्च धर्म है। रमेश लालवानी ने यह भी बताया कि निःशुल्क परिण्डे प्राचीन सिंधी शिव मंदिर, गंज क्षेत्र में भगवान रूपानी, गोविंद लालवानी और प्रदीप दौलतानी के माध्यम से भी प्राप्त किए जा सकते हैं।
- Posted By:- Abdul Qadir || Date:- 26 April 2026
- Total Views:- 40
