हज 2026: जयपुर से 428 हाजियों की पहली फ्लाइट रवाना
बदरुद्दीन कुरैशी जयपुर, 20 अप्रैल 2026। हज 2026 के मुक़द्दस सफर की शुरुआत के साथ ही आज 428 हाजियों का पहला जत्था जयपुर एयरपोर्ट से मदीना शरीफ के लिए रवाना हुआ। इस मौके पर जयपुर एयरपोर्ट पर भावुक और रूहानी माहौल देखने को मिला, जहां हाजियों को विदा करने के लिए उनके परिजन और शुभचिंतक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। राजस्थान स्टेट हज कमेटी के निवर्तमान मेंबर जनाब अब्दुल हकीम खान साहब ने एयरपोर्ट पर पहुंचकर सभी हाजियों का इस्तकबाल किया और उन्हें मुबारकबाद देते हुए उनके सफर के लिए दुआएं दीं। उन्होंने कहा कि हज एक पाक और मुक़द्दस इबादत है, और हर मुसलमान की ख्वाहिश होती है कि उसे यह सौभाग्य प्राप्त हो। इस दौरान हज कमेटी के सभी वॉलिंटियर्स भी मौजूद रहे, जिन्होंने हाजियों की सुविधा और व्यवस्थाओं में अहम भूमिका निभाई। एयरपोर्ट पर बेहतर इंतजाम किए गए थे, जिससे हाजियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा। हाजियों के रवाना होते समय “लब्बैक अल्लाहुम्मा लब्बैक” की सदाओं से पूरा वातावरण गूंज उठा, जिससे माहौल और भी रूहानी हो गया। हज यात्रा के इस पहले जत्थे के रवाना होने के साथ ही प्रदेश में हज यात्रा का सिलसिला विधिवत शुरू हो गया है।
- Posted By:- Abdul Qadir || Date:- 21 April 2026
- Total Views:- 408
