मध्य प्रदेश में 17.50 करोड़ की लागत से बनेगा ‘श्री परशुराम-श्री कृष्ण लोक’, मुख्यमंत्री मोहन यादव ने किया ऐलान

अब्दुल कादर, मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भगवान परशुराम जी की जन्मस्थली जानापाव कुटी को एक भव्य और दिव्य तीर्थस्थल में बदलने के लिए एक महत्वाकांक्षी परियोजना की घोषणा की है। उन्होंने बताया कि यहां 17 करोड़ 50 लाख रुपये से अधिक की लागत से ‘श्री परशुराम-श्री कृष्ण लोक’ का निर्माण किया जाएगा। इस परियोजना का उद्देश्य जानापाव को विश्वस्तरीय धार्मिक पर्यटन केंद्र बनाना है, जो देश-विदेश से श्रद्धालुओं को आकर्षित करेगा। मुख्यमंत्री यादव ने 19 अप्रैल को जानापाव में आयोजित भगवान परशुराम प्रकटोत्सव कार्यक्रम के दौरान यह महत्वपूर्ण ऐलान किया। उन्होंने जोर देकर कहा कि राज्य सरकार भगवान कृष्ण और भगवान परशुराम से जुड़े सभी ऐतिहासिक स्थलों को विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि इन्हें वैश्विक मानचित्र पर लाया जा सके। उनका मानना है कि यह लोक आने वाले श्रद्धालुओं को भगवान श्री कृष्ण की लीलाओं और भगवान परशुराम के जीवन से प्रेरणा लेने और धार्मिक पुण्य अर्जित करने का अवसर प्रदान करेगा।

+