अजमेर में भीषण बस हादसा: 200 फीट गहरी खाई में गिरी बस, दो महिलाओं की मौत; 31 घायल

अजमेर,19 अप्रैल,अजमेर पुष्कर घाटी पर रविवार को एक हृदयविदारक हादसा हो गया, जहां श्रद्धालुओं और रिश्तेदारों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर करीब 200 फीट गहरी खाई में जा गिरी। इस दर्दनाक दुर्घटना में दो महिलाओं ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि बस में सवार 31 अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। बताया जा रहा है कि बस में सवार सभी लोग पीसांगन में एक पारिवारिक कार्यक्रम (मायरा भरने) के लिए जा रहे थे, लेकिन खुशियों के घर पहुंचने से पहले ही परिवार मातम में डूब गया। ​हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। जिला कलेक्टर लोक बंधु और जिला पुलिस अधीक्षक हर्ष वर्धन अग्रवाला भारी पुलिस जाप्ते के साथ तुरंत घटना स्थल पर पहुंचे और बचाव कार्यों का जायजा लिया। खाई की गहराई अधिक होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में काफी चुनौतियों का सामना करना पड़ा। स्थानीय लोगों और बचाव दल ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए अपने कपड़ों और साड़ियों से लंबी रस्सियां बनाईं, जिनकी मदद से घायलों को सुरक्षित बाहर निकालकर एंबुलेंस तक पहुंचाया गया। ​प्रशासन ने सुरक्षा के लिहाज से पुष्कर की ओर जाने वाले मार्ग को पूरी तरह से बंद कर दिया है और आमजन की आवाजाही पर फिलहाल रोक लगा दी गई है। सभी घायलों को तुरंत अजमेर के जवाहरलाल नेहरू अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अस्पताल के अधीक्षक डॉ. अरविंद खरे ने बताया कि मेडिकल टीम पूरी मुस्तैदी के साथ घायलों के उपचार में जुटी है और गंभीर रूप से जख्मी लोगों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। मौके पर अभी भी राहत कार्य और पुलिस की तैनाती जारी है ताकि स्थिति को पूरी तरह नियंत्रित किया जा सके।

+