दरगाह स्थित सोलह खंभा शौचालय के वेटिंग हॉल को खोलने की मांग,नाजिम व निगम आयुक्त को लिखा पत्र
सम्पादक-अब्दुल क़ादिर अजमेर। 18 अप्रैल,दरगाह ख्वाजा मोइनुद्दीन चिश्ती क्षेत्र स्थित सोलह खंभा सार्वजनिक शौचालय के वेटिंग हॉल को लेकर विवाद एक बार फिर गरमा गया है। राजस्थान उच्च न्यायालय में अवमानना याचिका दायर करने वाले याचिकाकर्ताओं ने दरगाह नाजिम और नगर निगम आयुक्त को पत्र लिखकर वेटिंग हॉल को आम जायरीन के लिए खोलने की मांग की है। पत्र लिखने वालों में सैयद फखर काजमी चिश्ती, अनवर अली, सैयद बाबर हुसैन चिश्ती, अब्दुल नईम और गुलाम मुस्तफा शामिल हैं। याचिकाकर्ताओं का कहना है कि वेटिंग हॉल का निर्माण जायरीन की सुविधा के लिए किया गया था, लेकिन वर्तमान में इसके मुख्य द्वार पर शटर लगाकर बाहर दुकानों का संचालन किया जा रहा है, जिससे इसका उपयोग व्यावसायिक रूप में हो रहा है। उन्होंने अपने पत्र में यह भी उल्लेख किया है कि इस मामले में पूर्व में न्यायालय द्वारा निर्देश दिए जा चुके हैं, लेकिन उनकी पालना नहीं होने के कारण उन्हें अवमानना याचिका दायर करनी पड़ी। इसे न्यायालय के आदेशों की अवहेलना बताते हुए उन्होंने तत्काल प्रभाव से कार्रवाई की मांग की है। याचिकाकर्ताओं ने यह भी मांग रखी है कि वेटिंग हॉल को शौचालय परिसर से जोड़कर आम जायरीन के लिए खोला जाए, ताकि दरगाह क्षेत्र में आने वाले हजारों श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा मिल सके। बताया गया है कि इस पूरे मामले में नगर निगम आयुक्त को आगामी 28 अप्रैल को न्यायालय में शपथ पत्र प्रस्तुत करना है, जिसके बाद मामले में आगे की कार्रवाई तय होगी।
- Posted By:- Abdul Qadir || Date:- 19 April 2026
- Total Views:- 246
