जयपुर में झाडू शाह बाबा का 60वां सालाना उर्स 21 अप्रैल से शुरू

सम्पादक -अब्दुल क़ादिर जयपुर। गुलाबी नगरी जयपुर में मशहूर बुजुर्ग सूफी संत हजरत झाडू शाह बाबा का 60वां वार्षिक उर्स 21 अप्रैल 2026 से म्यूजियम रोड स्थित दरगाह शरीफ पर शुरू होगा, जो 23 अप्रैल तक चलेगा। इस तीन दिवसीय उर्स में देशभर से जायरीन पहुंचकर अपनी अकीदत के फूल पेश करेंगे। दरगाह शरीफ के नायब सज्जादानशीन अनसार उल हक (मो. एहतेशाम चिश्ती) ने बताया कि उर्स का आयोजन सज्जादानशीन एवं मुतवल्ली काजी शेख असरार उल हक की अध्यक्षता में किया जाएगा। उर्स के पहले दिन 21 अप्रैल को दोपहर में कुरआन ख्वानी होगी, वहीं रात 9 बजे राज्य स्तरीय मुशायरे का आयोजन किया जाएगा, जिसमें देश-प्रदेश के ख्याति प्राप्त शायर अपना कलाम पेश करेंगे। 22 अप्रैल को चादरों का दिन रहेगा। इस दिन अकीदतमंद अपनी हैसियत के अनुसार चादर चढ़ाकर श्रद्धा सुमन अर्पित करेंगे। रात में कव्वाली का कार्यक्रम आयोजित होगा, जिसमें देश के मशहूर कव्वाल अपनी प्रस्तुति देंगे। 23 अप्रैल को सुबह 8 बजे लंगर (भंडारा) का आयोजन होगा। शाम 5 बजे कुल की रस्म के साथ उर्स का समापन किया जाएगा। उर्स के दौरान राजस्थान के अलावा उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, दिल्ली, गुजरात और महाराष्ट्र समेत कई राज्यों से हजारों हिंदू-मुस्लिम जायरीन दरगाह पर पहुंचकर अपनी श्रद्धा अर्पित करेंगे।

+