पुष्कर में माहेश्वरी समाज के कार्यक्रम में बवाल, लोकार्पण समारोह में हुई जमकर मारपीट, पुलिस ने की समझाइश
बदरुद्दीन कुरैशी पुष्कर (अजमेर )15 अप्रैल,अखिल भारतीय माहेश्वरी सेवा सदन, पुष्कर में नवनिर्मित कृष्ण भवन के लोकार्पण समारोह के दौरान बुधवार को जमकर हंगामा हो गया। कार्यक्रम के बीच ही समाज के दो गुटों में विवाद इतना बढ़ गया कि देखते ही देखते परिसर मारपीट के अखाड़े में तब्दील हो गया। बताया जा रहा है कि लोकार्पण जैसे ही स्वामी गोविंद देव गिरी महाराज द्वारा किया गया, उसी दौरान पहले से चल रहा विवाद उग्र हो गया और दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। इसके बाद लात-घूंसे चलने लगे और लोगों ने एक-दूसरे पर जमकर हमला किया। इस दौरान सुभाष काबरा सहित कई लोगों के साथ मारपीट की गई। सबसे दुखद पहलू यह रहा कि विवाद में बुजुर्गों को भी नहीं बख्शा गया और उनके साथ भी धक्का-मुक्की व मारपीट की गई। चुनाव को लेकर था विवाद जानकारी के अनुसार, सेवा सदन के वर्तमान कार्यकाल की अवधि समाप्त होने के बावजूद चुनाव नहीं कराए जाने को लेकर समाज दो गुटों में बंटा हुआ था। विरोधी गुट ने अध्यक्ष पर नियमों के उल्लंघन और मनमाने निर्णय लेने के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि 9 दिसंबर को कार्यकाल समाप्त होने के बाद 14 दिसंबर को साधारण सभा बुलाकर कार्यकाल बढ़ाने जैसे फैसले असंवैधानिक तरीके से लिए गए। इसी विरोध के चलते बुधवार को विरोधी गुट के लोगों ने कृष्ण भवन के बाहर धरना दिया था। मौके पर मौजूद सीआई विक्रमसिंह राठौड़ और तहसीलदार इंद्रजीत सिंह ने समझाइश देकर प्रदर्शनकारियों को हटा दिया था, लेकिन लोकार्पण के बाद विवाद फिर भड़क उठा। सड़क तक पहुंचा विवाद, पुलिस ने संभाला मोर्चा मारपीट इतनी बढ़ गई कि लोग एक-दूसरे को पीटते हुए परिसर से बाहर सड़क तक पहुंच गए और लाठियां तक उठा लीं। मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए पुलिस और समाज के कुछ जिम्मेदार लोगों ने हस्तक्षेप किया और बड़ी मुश्किल से दोनों पक्षों को अलग कर मामला शांत कराया। घटना के दौरान खुलेआम गाली-गलौज और थप्पड़बाजी हुई। बाद में विपक्षी गुट को परिसर से बाहर निकालकर स्थिति पर काबू पाया गया। यह घटना माहेश्वरी समाज के लिए बेहद शर्मनाक मानी जा रही है और पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।
- Posted By:- Abdul Qadir || Date:- 16 April 2026
- Total Views:- 41
